Yuvraj Singh celebrated Birthday with Family: भारतीय टीम के पूर्व धाकड़ ऑलराउंडर और वर्ल्ड कप विजेता खिलाड़ी युवराज सिंह ने अपना 44वां जन्मदिन परिवार के साथ सादगी भरे अंदाज में मनाया। इस खास मौके पर उन्होंने पत्नी और बच्चों के साथ केक काटा। समारोह में कुछ करीबी दोस्त और परिवार के सदस्य भी मौजूद थे, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
युवराज के जन्मदिन पर फैंस और पूर्व क्रिकेटरों ने सोशल मीडिया के जरिए उन्हें ढेरों शुभकामनाएं दीं। अपनी आक्रामक बल्लेबाजी और शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए मशहूर युवराज आज भी करोड़ों क्रिकेट प्रेमियों के दिलों में खास जगह रखते हैं। परिवार के साथ बिताया गया उनका यह निजी पल फैंस को काफी पसंद आ रहा है।
युवराज सिंह के जन्मदिन से पहले उन्हें एक बड़ा सम्मान मिला।जन्मदिन से एक दिन पहले 11 दिसंबर को पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन ने न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर में नव निर्मित महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में एक स्टैंड का नाम युवराज सिंह के नाम पर रखा गया। इस दौरान युवराज सिंह भी वहां मौजूद रहे थे।
| प्रारूप | मैच | रन | सर्वश्रेष्ठ स्कोर (HS) | औसत (Ave) | स्ट्राइक रेट (SR) | शतक (100s) | अर्धशतक (50s) | विकेट्स |
|---|---|---|---|---|---|---|---|---|
| टेस्ट | 40 | 1900 | 169 | 33.92 | 57.97 | 3 | 11 | 9 |
| वनडे | 304 | 8701 | 150 | 36.55 | 87.67 | 14 | 52 | 111 |
| टी20आई | 58 | 1177 | 77* | 28.02 | 136.38 | 0 | 8 | 28 |
| आईपीएल | 132 | 2750 | 83 | 24.77 | 129.71 | 0 | 13 | 36 |
युवराज ने भारत के लिए 304 वनडे मैचों में 8701 रन बनाए और 111 विकेट भी झटके। उन्होंने 58 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में भी देश का प्रतिनिधित्व किया। हालांकि टेस्ट क्रिकेट में लंबा करियर खेलने की उनकी इच्छा पूरी नहीं हो सकी। उन्होंने 40 टेस्ट मैचों में करीब 34 की औसत से 1900 रन बनाए।
वनडे वर्ल्ड कप 2011 में युवराज सिंह का प्रदर्शन ऐतिहासिक रहा। उन्होंने टूर्नामेंट में 362 रन बनाने के साथ-साथ 15 विकेट भी लिए और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुने गए। कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझते हुए देश के लिए उनका योगदान क्रिकेट इतिहास की सबसे प्रेरणादायक कहानियों में शामिल है।
वहीं, टी20 वर्ल्ड कप 2007 में स्टुअर्ट ब्रॉड के एक ओवर में लगाए गए उनके छह छक्के आज भी क्रिकेट प्रेमियों को याद हैं। 10 जून 2019 को क्रिकेट को अलविदा कहने के बाद युवराज सिंह सामाजिक कार्यों और व्यवसायिक गतिविधियों में सक्रिय हैं। टी20 वर्ल्ड कप 2024 के लिए आईसीसी द्वारा उन्हें आइकॉन खिलाड़ी के रूप में चुना जाना उनके योगदान का सम्मान है।