टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी के साथ टीम इंडिया Source- IANS
क्रिकेट

Year Ender 2026: वर्ल्ड कप की ट्रॉफी से लेकर टेस्ट के 720 रन तक, 2026 में टीम इंडिया के नाम रहे ये 5 रिकॉर्ड

Indian Cricket 2026: भारतीय क्रिकेट के लिए 2026 यादगार रहा। टीम इंडिया ने तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप जीता, एशियन गेम्स में गोल्ड हासिल किया और टी20 इंटरनेशनल में 400 छक्के लगाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया।

अर्पित शुक्ला

Highlights:

  • सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारत ने फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप जीता।

  • श्रेयस अय्यर की अगुवाई में भारतीय टीम ने एशियन गेम्स में पाकिस्तान को हराकर लगातार दूसरी बार गोल्ड मेडल अपने नाम किया।

  • भारत एक कैलेंडर ईयर में टी20 इंटरनेशनल में 400 छक्के लगाने वाली दुनिया की पहली टीम बना।

Team India Records 2026: भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के लिए साल 2026 कई बड़ी उपलब्धियों से भरा रहा। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया ने अपनी मेजबानी में टी20 विश्व कप का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया। भारत ऐसा करने वाला दुनिया का पहला देश बना, जिसने घरेलू मैदान पर टी20 विश्व कप का सफलतापूर्वक बचाव किया। इसके अलावा भारतीय टीम ने एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीता और टी20 इंटरनेशनल में एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का विश्व रिकॉर्ड भी बनाया। वनडे और टेस्ट क्रिकेट में भी टीम ने कई ऐतिहासिक रिकॉर्ड अपने नाम किए।

टी20 विश्व कप खिताब डिफेंड करने वाली पहली टीम बनी इंडिया

साल 2026 की सबसे बड़ी उपलब्धि भारतीय टीम का टी20 विश्व कप जीतना रहा। सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में भारत ने फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर तीसरी बार इस टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया। इस जीत के साथ टीम इंडिया टी20 विश्व कप का लगातार दूसरी बार खिताब जीतने वाली दुनिया की पहली टीम बनी। इसके अलावा भारत अपनी मेजबानी में यह ट्रॉफी जीतने वाला भी पहला देश बना।

पूरे टूर्नामेंट में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। टीम को सिर्फ एक मुकाबले में हार मिली। बल्लेबाजी में संजू सैमसन ने सबसे ज्यादा 321 रन बनाए। वहीं, गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह ने 8 मैचों में 14 विकेट लेकर सबसे सफल गेंदबाज का स्थान हासिल किया।

एशियन गेम्स में लगातार दूसरी बार गोल्ड

भारतीय क्रिकेट टीम ने एशियन गेम्स 2026 में भी अपना दबदबा कायम रखा। जापान में आयोजित इस प्रतियोगिता में श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारत ने फाइनल में पाकिस्तान को हराकर गोल्ड मेडल जीता। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने लगातार दूसरी बार एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

टूर्नामेंट में ईशान किशन भारत की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। वहीं, अक्षर पटेल ने गेंदबाजी में सबसे अच्छा प्रदर्शन किया और टीम के सबसे सफल गेंदबाज बने।

एक साल में 400 छक्के लगाने वाला पहला देश बना भारत

साल 2026 में भारतीय बल्लेबाजों ने टी20 इंटरनेशनल में छक्कों का नया इतिहास बनाया। टीम इंडिया एक कैलेंडर ईयर में 400 छक्के लगाने वाली दुनिया की पहली टीम बनी। भारत ने यह रिकॉर्ड 1 नवंबर 2026 को न्यूजीलैंड के खिलाफ पांचवें टी20 मुकाबले में बनाया। इस उपलब्धि के साथ भारतीय टीम ने टी20 क्रिकेट में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी का नया रिकॉर्ड दर्ज किया।

वनडे में 406 रन का लक्ष्य हासिल कर बनाया अपना रिकॉर्ड

भारतीय टीम ने वनडे क्रिकेट में भी बड़ी उपलब्धि हासिल की। 30 सितंबर 2026 को वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे वनडे में भारत ने 406 रनों के लक्ष्य को हासिल कर लिया। यह वनडे क्रिकेट में टीम इंडिया का अब तक का सबसे बड़ा सफल रन चेज रहा। इसके साथ ही यह वनडे इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा सफल रन चेज भी बना।

इस ऐतिहासिक मुकाबले में कप्तान शुभमन गिल ने नाबाद 223 रनों की पारी खेलकर भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई।

न्यूजीलैंड में टेस्ट क्रिकेट का सबसे बड़ा स्कोर बनाया

टेस्ट क्रिकेट में भी भारतीय टीम ने साल 2026 में एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया। टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड की धरती पर एक पारी में 720 रन बनाकर नया इतिहास रचा। वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व मैदान पर बनाया गया यह स्कोर न्यूजीलैंड में टेस्ट क्रिकेट की किसी भी टीम का सबसे बड़ा पारी का स्कोर रहा।

इस मुकाबले में भारतीय टीम के शुरुआती पांच बल्लेबाजों ने 50 या उससे ज्यादा रन बनाए। विदेशी धरती पर भारतीय क्रिकेट के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ, जब शुरुआती पांचों बल्लेबाजों ने एक ही पारी में अर्धशतक या उससे अधिक रन बनाए। -एजेंसी इनपुट के साथ

संसद का एक दिन का विशेष सत्र, 30 नवंबर को लोकसभा; 2 दिसंबर को राज्यसभा की बैठक

पाकिस्तान की नींद उड़ाने आया भारत का भार्गवस्त्र, ड्रोन हमलों का देगा मुंह तोड़ जवाब; पास किया आखिरी टेस्ट

Kal Ka Mausam: 27 नवंबर को इन राज्यों में पड़ेगी कड़ाके की ठंड, कहीं शीतलहर तो कहीं कोहरे का अलर्ट

1970 में भी किसी को तानाशाही का भूत चढ़ा था…, नागपुर में अभिजीत दीपके ने की PM मोदी की इंदिरा गांधी से तुलना

मुंबई में प्रदर्शन करना पड़ा भारी! CJP के तीनों बड़े नेताओं पर LOC जारी, दीपके और रांका भी पुलिस के रडार पर