भारतीय क्रिकेट टीम का कोचिंग स्टाफ (फोटो- सोशल मीडिया) 
क्रिकेट

हम फाइनल का रास्ता ढूंढ लेंगे...अब टीम इंडिया की नजर वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप पर, कोच ने किया ये बड़ा दावा

Indian Cricket Team: भारतीय क्रिकेट टीम WTC के पिछले चक्र के फाइनल तक नहीं पहुंच पाई थी। अब भारत की नजर टी20 वर्ल्ड कप के बाद वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के खिताब पर है।

संजय सिंह बिष्ट

Sintashu Kotak Statement: भारत ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीतकर इतिहास रच दिया है। टीम इंडिया न सिर्फ बतौर मेजबान यह खिताब जीतने वाली पहली टीम बनी, बल्कि लगातार दो टी20 वर्ल्ड कप जीतने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। इसके साथ ही भारत ने तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी उठाई। इस बड़ी सफलता के बाद अब भारतीय टीम का अगला लक्ष्य वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 के फाइनल में पहुंचना है।

पहले भी दो बार फाइनल खेल चुकी है भारत

भारतीय टीम इससे पहले भी दो बार WTC फाइनल में जगह बना चुकी है। 2019-2021 के चक्र में भारत फाइनल तक पहुंचा था, लेकिन न्यूजीलैंड के खिलाफ उसे हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद 2021-2023 के चक्र में भी टीम इंडिया ने फाइनल में जगह बनाई, मगर इस बार ऑस्ट्रेलिया ने उसे खिताब जीतने से रोक दिया। वहीं पिछले चक्र में भारत फाइनल में पहुंचने में कामयाब नहीं हो पाया था। ऐसे में इस बार टीम की नजर फिर से फाइनल का टिकट हासिल करने पर है।

बैटिंग कोच सितांशु कोटक को टीम से उम्मीद

भारतीय टीम के बैटिंग कोच सितांशु कोटक को शुभमन गिल की कप्तानी वाली टीम से काफी उम्मीदें हैं। उन्होंने स्पोर्टस्टार से बातचीत में कहा कि टीम पर दबाव जरूर है, लेकिन रेड बॉल क्रिकेट में भारत की टीम काफी मजबूत है। कोटक ने कहा- "निश्चित रूप से बहुत प्रेशर है। लेकिन रेड बॉल क्रिकेट में भी हमारी टीम शानदार है। मुझे लगता है कि कोलकाता में साउथ अफ्रीका के खिलाफ जो एक मैच हम हार गए थे, उसमें शुभमन की चोट भी एक वजह थी। हालांकि, यह बात सही है कि हम अच्छा नहीं खेले थे। हमें इसे मानना होगा।"

'हम फाइनल का रास्ता ढूंढ लेंगे'

इसके आगे उन्होंने कहा कि "हमारे खिलाड़ी भी इंसान हैं। उनका प्रदर्शन भी खराब हो सकता है। फिर अगले मैच में हम टॉस हार गए और चीजें हमारे पक्ष में नहीं रहीं। इसलिए यह पचाना मुश्किल था कि हम इस तरह दो टेस्ट मैच हार सकते हैं। हालांकि, मुझे विश्वास है कि हम लड़ते रहेंगे और वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में पहुंचने का रास्ता ढूंढ लेंगे।"

साउथ अफ्रीका के खिलाफ मिली थी निराशा

नवंबर 2025 में कोलकाता में खेले गए पहले टेस्ट के दौरान शुभमन गिल पहली पारी में चोटिल हो गए थे और रिटायर्ड हर्ट होकर पवेलियन लौटे थे। इसके बाद वह दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने नहीं आए। चोट के कारण वह दूसरे टेस्ट से भी बाहर हो गए। इस सीरीज में साउथ अफ्रीका ने भारत को दोनों मैचों में हराकर क्लीन स्वीप कर दिया था, जो टीम इंडिया के लिए बड़ा झटका था।

WTC पॉइंट्स टेबल में छठे स्थान पर भारत

साउथ अफ्रीका के खिलाफ घरेलू सीरीज हारने के बाद भारत फिलहाल WTC पॉइंट्स टेबल में छठे स्थान पर है। मौजूदा चक्र में भारत ने अब तक नौ टेस्ट मैच खेले हैं, जिनमें से चार में जीत मिली है और चार में हार का सामना करना पड़ा है, जबकि एक मुकाबला ड्रॉ रहा है। टीम का जीत प्रतिशत इस समय 48.15 है। भारत ने घर में वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज जीती थी, जबकि इंग्लैंड दौरे पर सीरीज ड्रॉ कराने में सफल रहा था।

भारतीय टीम जून में अफगानिस्तान के खिलाफ एक टेस्ट खेलेगी, हालांकि यह मुकाबला WTC का हिस्सा नहीं होगा। इसके बाद टीम इंडिया श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेलेगी, जो WTC का हिस्सा होगी। श्रीलंका फिलहाल पॉइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर है। इसके बाद अक्टूबर में भारत को न्यूजीलैंड दौरे पर दो टेस्ट मैच खेलने होंगे। न्यूजीलैंड इस समय तालिका में दूसरे स्थान पर है। ऐसे में भारत के लिए आगे का सफर चुनौतीपूर्ण रहने वाला है।

BRICS Summit Day 1: मोदी-जिनपिंग की मुलाकात, दिल्ली डिक्लेरेशन और गाला डिनर... समिट के पहले दिन क्या-क्या हुआ?

कांग्रेस का संगठन पुरुष प्रधान है.. कर्नाटक में महिलाओं की अनदेखी पर शिवसेना नेता कृष्णा हेगड़े ने साधा निशाना

BRICS Summit: भारत मंडपम में भव्य गाला डिनर, PM मोदी ने विदेशी मेहमानों को परोसे खास भारतीय व्यंजन

माउंट रुद्रगैरा पर लहराया तिरंगा: लखनऊ की बेटी पूर्वा धवन ने 5,826 मीटर ऊंची चोटी की फतह, मिशन एवरेस्ट पर नजर

BRICS Summit: भारत मंडपम में दिखी मोदी-पुतिन-जिनपिंग की केमिस्ट्री, तस्वीरों ने खींचा ध्यान