Bangladesh Women Beat UAE Women By 34 Runs: बांग्लादेश ने महिला एशिया कप 2026 के 12वें मुकाबले में यूएई को 34 रन से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली है। इसके साथ ही टूर्नामेंट के सेमीफाइनल की चारों टीमें तय हो गई हैं।
दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में मंगलवार को टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 103 रन बनाए। टीम की शुरुआत खराब रही और तीसरी गेंद पर दिलारा अख्तर बिना खाता खोले आउट हो गईं। इसके बाद 8 रन के स्कोर पर शोभना मोस्तरी भी 3 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं।
कप्तान निगार सुल्ताना ने जुवैरिया फिरदौस के साथ तीसरे विकेट के लिए 29 रन जोड़े। फिरदौस ने 20 गेंदों में 16 रन बनाए। इसके बाद निगार ने शर्मिन अख्तर के साथ 15 रन की साझेदारी की। निगार 28 गेंदों में 23 रन बनाकर आउट हुईं।
52 रन तक बांग्लादेश ने 4 विकेट गंवा दिए थे, जबकि 55 रन तक टीम के 6 विकेट गिर चुके थे। इसके बाद नाहिदा अख्तर और शर्मिन अख्तर ने पारी संभाली। दोनों ने 43 गेंदों में 42 रन की साझेदारी की।
शर्मिन अख्तर ने 31 गेंदों में 38 रन बनाए, जिसमें 3 चौके शामिल रहे। नाहिदा अख्तर 26 गेंदों में 16 रन बनाकर नाबाद रहीं। यूएई की ओर से सुरक्षा कोट्टे ने 4 ओवर में 11 रन देकर 3 विकेट लिए। इंदुजा नंदकुमार को 2 विकेट मिले, जबकि अर्चरा सुप्रिया और जननी तिरुक्कुमारन ने 1-1 विकेट हासिल किया।
104 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए यूएई की टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 69 रन ही बना सकी। तीर्था सतीश ने 11 और हीना होटचंदानी ने 18 रन बनाए। इनके अलावा कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सकी। बांग्लादेश की ओर से राबिया खान ने 3 विकेट लिए।
मारुफा अख्तर और नाहिदा अख्तर को 2-2 विकेट मिले, जबकि सुल्ताना खातून और फहिमा खातून ने 1-1 विकेट हासिल किया। इस जीत के साथ बांग्लादेश ने सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। अब 10 सितंबर को सेमीफाइनल-1 में बांग्लादेश का सामना भारतीय टीम से होगा। वहीं, 11 सितंबर को सेमीफाइनल-2 में पाकिस्तान और श्रीलंका की टीमें आमने-सामने होंगी।