Vaibhav Sooryavanshi 2 Wickets In 1 Over: दलीप ट्रॉफी 2026 में ईस्ट जोन की ओर से खेल रहे 15 साल के वैभव सूर्यवंशी का डेब्यू मुकाबला बल्ले से उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। हालांकि, इसके बाद उन्होंने गेंद से शानदार प्रदर्शन करते हुए एक ही ओवर में 2 विकेट लेकर अपनी टीम की जीत की उम्मीदें और मजबूत कर दीं। ईस्ट जोन और नॉर्थ ईस्ट जोन के बीच खेले जा रहे क्वार्टर फाइनल में वैभव से काफी उम्मीदें थीं।
उन्हें ईशान किशन की कप्तानी वाली ईस्ट जोन टीम का उपकप्तान भी बनाया गया है। हालांकि, बल्लेबाजी में वो सिर्फ 8 रन बनाकर आउट हो गए। वैभव ने अपनी पारी में 6 गेंदों का सामना किया और 2 चौके लगाए। वो तेज गेंदबाज बिश्वरजीत कोंथौजाम के खिलाफ शुरुआत में आक्रामक नजर आए और लगातार दो चौके लगाए। लेकिन दूसरे ओवर की आखिरी गेंद पर कोंथौजाम ने उन्हें आउट कर दिया।
बल्ले से निराशाजनक प्रदर्शन के बाद वैभव ने गेंदबाजी में शानदार वापसी की। अपनी बाएं हाथ की स्पिन गेंदबाजी से उन्होंने नॉर्थ ईस्ट जोन की दूसरी पारी में एक ही ओवर में 2 विकेट हासिल किए। वैभव ने नॉर्थ ईस्ट के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज किशन लिंगदोह को 25 रन पर आउट किया।
इसके बाद उन्होंने इमलीवाती लेमटूर को सिर्फ 4 रन पर पवेलियन भेज दिया। दोनों विकेट एक ही ओवर में आए। बीसीसीआई ने भी वैभव के इस प्रदर्शन की तारीफ करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा कि उन्होंने एक ओवर में 2 विकेट लेने के साथ 2 शानदार कैच भी पकड़े।
ईस्ट जोन ने पहली पारी में सुदीप कुमार घरामी के 146 और शाहबाज अहमद के 167 रन की शानदार पारियों की बदौलत 467 रन बनाए थे। जवाब में नॉर्थ ईस्ट जोन की टीम पहली पारी में सिर्फ 111 रन पर ऑलआउट हो गई।
इसके बाद ईस्ट जोन ने फॉलोऑन दिया। दूसरी पारी में भी नॉर्थ ईस्ट की हालत खराब रही और टीम 90/8 के स्कोर तक पहुंचते-पहुंचते 8 विकेट गंवा चुकी थी। ऐसे में ईस्ट जोन की जीत लगभग तय नजर आ रही है।
मैच के दौरान वैभव की जर्सी भी चर्चा में रही। उनकी जर्सी पर नंबर को टेप से ढका गया था और सिर्फ '3' नंबर दिखाई दे रहा था। इसके पीछे की सही वजह सामने नहीं आई है। हालांकि, संभावना जताई जा रही है कि उनकी दलीप ट्रॉफी जर्सी पर नंबर से जुड़ी कोई गलती होने के कारण उसे टेप किया गया हो।
वैभव आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स के लिए नंबर 3 की जर्सी पहनते हैं। बल्लेबाजी में जल्दी आउट होने के बाद गेंद से दो विकेट लेकर वैभव ने जरूर अपने प्रदर्शन में रोमांच जोड़ दिया।