जिम्बाब्वे (फोटो-सोशल मीडिया)  
क्रिकेट

T20 World Cup 2026 में सबसे बड़ा उलटफेर, जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर रचा इतिहास

ICC Men's T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर बड़ा उलटफेर किया। 2007 के बाद पहली बार मिली इस ऐतिहासिक जीत ने क्रिकेट जगत को चौंका दिया।

उज्जवल सिन्हा

Australia vs Zimbabwe, 19th Match: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 19वें मुकाबले में क्रिकेट इतिहास का एक और यादगार अध्याय जुड़ गया। जिम्बाब्वे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑस्ट्रेलिया जैसी दिग्गज टीम को मात देकर टूर्नामेंट का सबसे बड़ा उलटफेर कर दिया। लगभग दो दशकों के लंबे इंतजार के बाद जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया को हराने का कारनामा दोहराया। जिम्बाब्वे का टी20 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रिकॉर्ड बेहद प्रभावशाली रहा है। टी20 वर्ल्ड कप में दोनों टीमें अब तक दो बार आमने-सामने आई हैं और दोनों ही मौकों पर जिम्बाब्वे ने जीत दर्ज की है।

इससे पहले 2007 के टी20 वर्ल्ड कप में जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया को शिकस्त दी थी और अब 2026 में एक बार फिर मात देकर इतिहास रच दिया। इस जीत के साथ जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपनी कुल पांचवीं अंतरराष्ट्रीय जीत दर्ज की। इनमें तीन जीत वनडे प्रारूप में और दो जीत टी20 विश्व कप में आई हैं। जिम्बाब्वे ने पहली बार 1983 विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया को 13 रन से हराकर बड़ा उलटफेर किया था।

जिम्बाब्वे को मिला पहला बल्लेबाजी का न्योता

आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेले जा रहे वर्ल्ड कप के 19वें मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए जिम्बाब्वे की शुरुआत कमाल की रही। पहले विकेट के लिए ब्रायन बेनेट और तदिवानाशे मारुमानी ने 61 रनों की साझेदारी की। तदिवानाशे मारुमानी 35 रन बनाकर आउट हुए। वहीं ब्रायन बेनेट का साथ देने रायन बर्ल आए।

ब्रायन बेनेट की अर्धशतकीय पारी

बर्ल और बेनेट के बीच 70 रनों की साझेदारी हुई। रायन बर्ल भी 35 रन बनाकर आउट हो गए। इस दौरान ब्रायन बेनेट ने अपना अर्धशतक पूरा किया। बेनेट ने सिकंदर रजा के साथ मिलकर 4 ओवर में 38 रनों की साझेदारी करते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। ब्रायन बेनेट ने नाबाद 64 रनों की पारी खेली। वहीं सिकंदर रजा ने 13 गेंदों में 25 रन बनाकर टीम को 2 विकेट के नुकसान पर 169 रनों तक पहुंचाया। ऑस्ट्रेलिया के लिए गेंदबाजी करते हुए स्टोइनिस ने 1 और ग्रीन ने एक विकेट चटकाए।

ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत रही बेहद खराब

जवाब में इस लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत बेहद खराब रही। ऑस्ट्रेलिया की टीम ने 29 रनों पर चार विकेट गंवा दिए। जोश इंग्लिस 8, ट्रेविस 17 रन बनाकर आउट हो गए। वहीं कैमरून ग्रीन और टिम डेविड बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए। हालांकि पांचवें विकेट के लिए ग्लेन मैक्सवेल और मैट रेनशॉ ने 77 रनों की साझेदारी की।

इन दोनों की साझेदारी के बदौलत लग रहा था कि ऑस्ट्रेलिया इस मुकाबले को जीत जाएगी। लेकिन ग्लेन मैक्सवेल के आउट होते ही ऑस्ट्रेलिया का भाग्य बदल गया। मैक्सवेल 31 रन बनाकर आउट हो गए। उसके बाद मार्कस स्टोइनिस 6 रन बनाकर चलते बने। मैट रेनशॉ 65 रन बनाकर आउट हो गए और इसी के साथ ऑस्ट्रेलिया के जीत की उम्मीदें भी खत्म हो गई। ऑस्ट्रेलिया ने सभी विकेट खोकर 146 रन ही बना सकी और मुकाबले को 23 रनों से गंवा दिया। जिम्बाब्वे के लिए ब्लेसिंग मुजरबानी ने 4 विकेट लेकर ऑस्ट्रेलिया की कमर तोड़ दी। वहीं ब्रैड इवांस ने 3 विकेट लेकर अपनी जीत सुनिश्चित कर दी।

स्ट्रेचर पर लेटे दिखे कैप्टन स्मित मच्छार, फ्लाईदुबई हमले के बाद पहला VIDEO

गुजरात कर रहा क्लेम तो महाराष्ट्र बोल रहा मुंबई का पुत्र, आखिर कहां से हैं कैप्टन स्मित मच्छार?

ज्ञानेश कुमार पर बवाल के बीच मुख्य चुनाव अधिकारी का VRS, आरएस गोपालन ने बताई इस्तीफे की वजह

कुमाऊं में भीषण भूस्खलन, भरभराकर गिरा पहाड़, उत्तराखंड के 7 पर्वतीय जिलों में बारिश का अलर्ट

भारत के लिए अक्टूबर कूटनीति का व्यस्त महीना, जानें कौन-सी तारीखें हैं बेहद खास