Zimbabwe Cricket Team Coach Statement on Tilak Varma: टी20 विश्व कप 2026 में टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज तिलक वर्मा का प्रदर्शन अब तक उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा है। उन्होंने टूर्नामेंट में अभी तक न तो बड़ा स्कोर बनाया है और न ही आक्रामक स्ट्राइक रेट से रन जुटाए हैं। ऐसे में जिम्बाब्वे के खिलाफ होने वाले सुपर 8 मुकाबले से पहले उनकी फॉर्म चर्चा का विषय बनी हुई है। फैंस के बीच चिंता जरूर है, लेकिन टीम मैनेजमेंट का रुख अलग नजर आ रहा है। मिली जानकारी के मुताबिक तिलक आगामी मुकाबले में भी प्लेइंग 11 का हिस्सा रह सकते हैं।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में टीम इंडिया के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने तिलक वर्मा का खुलकर समर्थन किया। उन्होंने साफ कहा कि वह उनकी फॉर्म को लेकर बिल्कुल चिंतित नहीं हैं। कोटक ने कहा कि तिलक ने टीम की जरूरत के हिसाब से बल्लेबाजी की है। कई बार ऐसा होता है कि बल्लेबाज एक-दो बड़े शॉट लगाकर तेजी से 30 या 40 रन तक पहुंच जाता है, लेकिन हर मैच की परिस्थिति अलग होती है। कोलंबो में पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि उस मैच में साझेदारी बनाना ज्यादा अहम था और टीम ने वही रणनीति अपनाई। कोच ने कहा कि “तिलक वर्मा ने टीम के हिसाब से खेल खेला। कभी कभी ऐसा होता है कि बल्लेबाज एक या 2 चौके छक्के मार देता है तो स्कोर आगे की तरफ बढ़ जाता है। एक या दो शॉट से ही बल्लेबाज 30 से 40 तक पहुंच जाता है। कोलंबो में पाक के खिलाफ साझेदारी पर ज्यादा जोर था और हमने वो हासिल भी किया।”
T20 World Cup में तिलक वर्मा ने अब तक सभी पांच मुकाबले खेले हैं। इन पारियों में उन्होंने कुल 107 रन बनाए हैं। उनका सर्वाधिक स्कोर 31 रन रहा, जो नीदरलैंड्स के खिलाफ आया था। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पिछले मैच में वह केवल 1 रन ही बना सके।
ये भी पढ़ें: ICC रैकिंग में ईशान किशन का बड़ा धमाका, कप्तान सूर्या और तिलक वर्मा को पीछे छोड़ा, इस नंबर पर बनाई जगह
उनके स्ट्राइक रेट पर भी सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि पिछली 10 पारियों में वह 120 से कम की दर से रन बना रहे हैं। हालांकि, उनके टी20 करियर के आंकड़े मजबूत हैं। अब तक वह 44.48 की औसत से 1290 रन बना चुके हैं और दो शतक भी जड़ चुके हैं। कुल मिलाकर टीम प्रबंधन को उम्मीद है कि जिम्बाब्वे के खिलाफ मुकाबले में तिलक अपनी लय हासिल कर सकते हैं और आलोचकों को जवाब दे सकते हैं।