आईसीसी ने टूर्नामेंट शुरू होने से पहले दर्शकों की संख्या को लेकर महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किए थे और संगठन उन सभी लक्ष्यों को हासिल करने में सफल रहा है। जय शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “आईसीसी टी20 विश्व कप का सफर इसे वैश्विक और सहज क्रिकेट प्रतियोगिता बनाने के लक्ष्य के साथ शुरू हुआ था। मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि भारत में हो रहे इस टूर्नामेंट के दर्शकों की संख्या 50 करोड़ के पार पहुंच गई है, जो अब तक की सबसे अधिक है।”
जियो हॉटस्टार पर दर्शकों की संख्या 6.5 करोड़ तक पहुंची
उन्होंने आगे बताया कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी टूर्नामेंट को जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है। जियो हॉटस्टार पर दर्शकों की संख्या 6.5 करोड़ तक पहुंच गई है। नॉकआउट मुकाबले आज रात से शुरू हो रहे हैं और आईसीसी को उम्मीद है कि भारतीय प्रशंसकों का उत्साह आगे और नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।
हालांकि टूर्नामेंट के दो सेमीफाइनल और फाइनल अभी बाकी हैं, लेकिन मौजूदा संस्करण ने 2024 में अमेरिका में खेले गए टी20 विश्व कप के दर्शक रिकॉर्ड को पहले ही पीछे छोड़ दिया है। आईसीसी के डिजिटल प्लेटफॉर्म ICC.tv ने भी 2024 संस्करण के दौरान दर्ज कुल यूज़र्स और देखे गए कुल मिनटों के आंकड़े को पार कर लिया है। पिछले संस्करण की तुलना में यूनिक यूजर्स में 28 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है, जबकि कुल वॉच टाइम में 56 प्रतिशत का इजाफा हुआ है।