South Africa Beat Namibia T20 Tri Series 2026: दक्षिण अफ्रीका ने T20 ट्राई सीरीज में शानदार वापसी करते हुए नामीबिया को 11 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ दक्षिण अफ्रीका ने 4 मैचों में अपनी तीसरी जीत दर्ज की और अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया।
दक्षिण अफ्रीका की जीत के हीरो लुआन-ड्रे प्रिटोरियस रहे। उन्होंने अपने T20 अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला शतक लगाया। प्रिटोरियस ने सिर्फ 53 गेंदों पर 101 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 8 छक्के शामिल थे।
दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 228 रन बनाए। प्रिटोरियस और विकेटकीपर कॉनर एस्टरहुइजन ने शुरुआत से ही नामीबिया के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। दोनों ने पहले विकेट के लिए 156 रन की बड़ी साझेदारी की।
एस्टरहुइजन ने 40 गेंदों पर 88 रन बनाए और अपनी पारी में 8 छक्के लगाए। हालांकि जॉन बाल्ट ने उनकी पारी को खत्म कर दिया। इसके सिर्फ 10 गेंद बाद बाल्ट ने डेवॉल्ड ब्रेविस को भी आउट कर दिया। ब्रेविस सिर्फ 3 रन बना सके। इसके बाद प्रिटोरियस ने मोर्चा संभाला और अपना पहला T20 अंतरराष्ट्रीय शतक पूरा करते हुए दक्षिण अफ्रीका को 228 रन तक पहुंचाया।
229 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी नामीबिया ने भी तेज शुरुआत की। लॉरेन स्टीनकैंप और जान फ्राइलिंक ने पहले विकेट के लिए 119 रन जोड़कर दक्षिण अफ्रीका की मुश्किलें बढ़ा दीं। फ्राइलिंक ने सिर्फ 36 गेंदों पर 72 रन बनाए। उनका स्ट्राइक रेट 200 का रहा।
हालांकि टोनी डी जोरजी के शानदार कैच ने उनकी पारी खत्म कर दी। इसके बाद कप्तान गेरहार्ड इरास्मस ने पारी को संभालने की कोशिश की। उन्होंने 44 गेंदों पर 61 रन बनाए। इसी दौरान स्टीनकैंप को चोट के कारण रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान से बाहर जाना पड़ा।
नामीबिया की टीम लक्ष्य के काफी करीब पहुंच गई थी, लेकिन नकोबानी मोकोएना और एंडिल सिमेलाने ने अहम विकेट लेकर उसकी रफ्तार रोक दी। दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजों ने आखिरी ओवरों में दबाव बनाए रखा और नामीबिया को 217 रन पर रोक दिया। इस तरह दक्षिण अफ्रीका ने मुकाबला 11 रन से अपने नाम कर लिया।
दक्षिण अफ्रीका अब ट्राई सीरीज के फाइनल में जिम्बाब्वे से भिड़ेगा। टीम की नजरें खिताब जीतने पर होंगी। जिम्बाब्वे भी इस मुकाबले में मजबूत वापसी करना चाहेगा, क्योंकि दक्षिण अफ्रीका ने उसे लगातार दो मैचों में हराया है।
दूसरी ओर जिम्बाब्वे ने हाल ही में नामीबिया को 5 विकेट से हराकर शानदार रन चेज किया था। ऐसे में फाइनल मुकाबला रोमांचक होने की उम्मीद है।