Smriti Mandhana's Father Discharged From Hospital: भारतीय महिला टीम की स्टार बैटर और उपकप्तान स्मृति मंधाना के पिता श्रीनिवास मंधाना को हॉस्पिटल से डिस्चार्ज कर दिया गया है। मंधाना के पिता श्रीनिवास को 23 नवंबर रविवार को हार्ट अटैक आने के बाद हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था।
पिता की तबीयत बिगड़ने के कारण स्मृति ने पलाश मुच्छल के साथ होने वाली अपनी शादी अनिश्चितकाल के लिए टाल दी थी। स्मृति के मैनेजर तुहिन मिश्रा के अनुसार, नाश्ते के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने पर श्रीनिवास को अस्पताल ले जाया गया था। उन्होंने बताया कि स्मृति अपने पिता के बेहद करीब हैं और चाहती हैं कि उनके पूरी तरह ठीक होने के बाद ही शादी की रस्में आगे बढ़ें।
इस पूरे घटनाक्रम ने एक और अप्रत्याशित मोड़ लिया जब श्रीनिवास के अस्पताल में भर्ती होने के एक दिन बाद ही पलाश मुच्छल भी अस्पताल पहुंच गए। पलाश की मां अमिता के मुताबिक, वह स्मृति के पिता की सेहत को लेकर बेहद तनाव में थे और भावनात्मक रूप से टूटने के बाद उन्हें भर्ती करना पड़ा। अमिता ने बताया कि पलाश, श्रीनिवास के बेहद करीब हैं और शादी को टालने का निर्णय उन्होंने ही सबसे पहले लिया था।
हालांकि, इसी बीच स्मृति ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से सगाई और शादी से जुड़े सभी पोस्ट हटा दिए हैं। स्मृति के साथ भारतीय महिला टीम के खिलाड़ियों ने भी फोटो-वीडियों को डिलीट कर दी है। जिसके बाद तरह-तरह की खबरें सोशल मीडिया पर चलने लगी है। हालांकि, किसी के तरफ से कोई आधिकारिक बयान नहीं किया है।
यह भी पढ़ें: स्मृति मंधाना की खुशियों पर डबल अटैक, पिता के बाद मंगेतर पलाश भी हुए बीमार, जाना पड़ा अस्पताल
एक यूजर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि पलाश मुच्छल ने शादी से ठीक एक दिन पहले स्मृति के साथ विश्वासघात किया और एक कोरियोग्राफर के साथ अकेले में समय बिताया। उसके आगे लिखा कि स्मृति मंधाना ने अपने इंस्टाग्राम से सभी प्री-वेडिंग पोस्ट हटा दिए हैं। वहीं, जेमीमा ने भी वह रील डिलीट कर दी है, जिसमें स्मृति और उनकी गर्ल गैंग सगाई के बाद दिखाई दे रही थीं।
स्मृति और पलाश की शादी महाराष्ट्र के सांगली में होनी थी। मेहंदी और हल्दी की रस्मों में महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप विजेताओं सहित कई सितारे शामिल हुए थे। लेकिन शादी के दिन ही श्रीनिवास मंधाना की तबीयत बिगड़ने के चलते यह बहुप्रतीक्षित शादी फिलहाल के लिए स्थगित कर दी गई है। हालांकि, अब स्मृति के पिता ठीक हो गए हैं लेकिन शादी के नई तारीख के बारे में कोई चर्चा नहीं है।
सोशल मीडिया पर कुछ पोस्ट देखने के बाद सच क्या है। इसका पता कर पाना तो मुश्किल है। लेकिन इन पोस्ट के माध्यम से ऐसा लग रहा है कि स्मृति ने ये रिश्ता अब तोड़ दिया है। अब देखना होगा कि सच क्या है या जो सोशल मीडिया में चल रहा है वो सिर्फ अफवाह है या कुछ और।