Shubman Gill News: एशिया कप 2025 के लिए जब टीम इंडिया का ऐलान हुआ, तो शुभमन गिल की टीम में वापसी ने सभी को हैरान किया। कमबैक के साथ ही उन्हें टीम का उपकप्तान भी बनाया गया। हालांकि टूर्नामेंट के दौरान उनका प्रदर्शन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा। इसके बाद जब टी20 वर्ल्ड कप 2026 की टीम घोषित हुई, तो गिल का नाम न देखकर क्रिकेट फैंस चौंक गए। टीम मैनेजमेंट के इस फैसले के पीछे की वजह अब सामने आ रही है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सिलेक्शन कमेटी की मीटिंग से पहले शुभमन गिल का टी20 वर्ल्ड कप टीम में चुना जाना लगभग तय माना जा रहा था। लेकिन मीटिंग के दौरान तीन चयनकर्ता खराब फॉर्म को लेकर गिल के चयन के खिलाफ थे। उनका मानना था कि लगातार मौके मिलने के बावजूद गिल टी20 फॉर्मेट में खुद को साबित नहीं कर पाए हैं। इसी वजह से बहुमत गिल के खिलाफ चला गया और उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया।
रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया है कि मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर और हेड कोच गौतम गंभीर शुभमन गिल के पक्ष में थे। दोनों का मानना था कि गिल जैसे टैलेंटेड बल्लेबाज को एक खराब दौर के कारण बाहर नहीं किया जाना चाहिए। हालांकि चयन समिति में बहुमत का फैसला अंतिम रहा और गिल को टीम से बाहर होना पड़ा। उनकी जगह घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करने वाले ईशान किशन को मौका मिला।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम की ओपनिंग जोड़ी को लेकर भी तस्वीर साफ होती दिख रही है। अभिषेक शर्मा के साथ संजू सैमसन ओपनिंग करते नजर आ सकते हैं। दोनों बल्लेबाजों ने हाल के समय में आक्रामक बल्लेबाजी से चयनकर्ताओं का भरोसा जीता है। यही वजह रही कि गिल की जगह इन खिलाड़ियों को प्राथमिकता दी गई।
अब शुभमन गिल विजय हजारे ट्रॉफी 2025 में पंजाब की ओर से खेलते नजर आएंगे। यह टूर्नामेंट गिल के लिए खुद को दोबारा साबित करने का बड़ा मौका होगा। इसके बाद वह न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में टीम इंडिया का हिस्सा बनेंगे, जहां कप्तानी की जिम्मेदारी भी संभाल सकते हैं। गिल इस सीरीज के जरिए अपनी पहली वनडे सीरीज जीत दर्ज करना चाहेंगे, खासकर जब ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पिछली सीरीज में भारत को 2-1 से हार मिली थी।
ये भी पढ़ें: चंबल से लेकर टीम इंडिया तक…पापा ने देखी कुंडली फिर तय हुआ भविष्य, यह है वैष्णवी शर्मा की कहानी
न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज आईपीएल 2025 से पहले शुभमन गिल की आखिरी इंटरनेशनल असाइनमेंट होगी। ऐसे में उनके पास फॉर्म में वापसी कर चयनकर्ताओं को जवाब देने का बेहतरीन मौका है। अगर गिल यहां प्रभाव छोड़ते हैं, तो भविष्य में उनकी टी20 टीम में वापसी की उम्मीद फिर से मजबूत हो सकती है।