स्पोर्ट्स डेस्क: भारत की महिला टीम ने साउथ अफ्रीका को हराकर अंडर-19 टी20 विश्व कप 2025 का खिताब अपने नाम कर लिया है। टीम इंडिया ने लगातार दूसरी बार ये ट्रॉफी जीती है। इस मैच में दक्षिण अफ्रीका को 9 विकेट से करारी हार का सामना करना पड़ा है। जिसके बाद से ही सभी दिग्गज महिला टीम को बधाई दे रहे हैं।
टीम इंडिया की इस जीत पर कई दिग्गज अपनी प्रतिक्रिया देते नजर आ रहे हैं, जिसमें भारत के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर और टीम इंडिया के मौजूदा हेड कोच गौतम गंभीर भी शामिल हैं। तो आइए जानते हैं कि भारत की जीत पर किस दिग्गज ने अपनी प्रतिक्रिया दी।
लीजेंड सचिन तेंदुलकर ने एक्स पर लिखा, "पहले मैच से लेकर फाइनल तक हमारी टीम चैंपियन की तरह खेली। जीत खास होती है, लेकिन खिताब बचाने के लिए कुछ असाधारण करने की जरूरत होती है। अंडर-19 टी20 विश्व कप का खिताब जीतने के लिए टीम इंडिया को एक बार फिर बधाई। इस टीम ने कई लोगों को प्रेरित किया है और भविष्य के लिए नए मानक स्थापित किए हैं। लड़कियों और महिला क्रिकेट के लिए बहुत-बहुत खुशी!"
इसके अलावा टीम इंडिया के मौजूदा हेड कोच गौतम गंभीर ने एक्स पर लिखा, "हमारी युवा खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन! लड़कियों, आपने देश को गौरवान्वित किया है।"
अनिल कुंबले ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा, "भारत की अंडर-19 महिला टीम को विश्व कप जीतने पर बधाई! एक शानदार उपलब्धि।"
इसके अलावा टीम इंडिया के पूर्व स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने भी अंडर-19 विश्व कप खिताब जीतने पर टीम इंडिया को बधाई दी।
इस लिस्ट में पूर्व भारतीय ऑलराउंडर इरफान पठान भी शामिल हैं।
जानकारी के लिए बता दें कि अंडर-19 भारतीय महिला टीम और साउथ अफ्रीका के बीच अंडर-19 टी20 वर्ल्ड कप का फाइनल मुकाबला खेला गया। इस मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, जहां टीम मे 20 ओवर में महज 82 रन बनए। भारत ने जवाब में बड़े आसानी से ही 83 रनों का लक्ष्य हासिल कर लिया। भारतीय महिला टीम ने साउथ अफ्रीका को 9 विकेट के करारी मात देकर आईसीसी की ट्रॉफी अपने नाम की है।