चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) MS धोनी ने पांच बार चैंपियन बनाया
सचिन तेंदुलकर ने MS धोनी के लिए एक बेहद भावुक संदेश लिखा है।
IPL इतिहास के कप्तानों में शुमार रहे महेन्द्र सिंह धोनी
MS Dhoni CSK Mentor IPL 2027: इंटरनेशनल क्रिकेट को 6 साल पहले अलविदा कह चुके भारतीय क्रिकेट के सबसे सफल कप्तानों में से एक महेंद्र सिंह धोनी ने आखिरकार अब इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) से भी संन्यास का ऐलान कर दिया है। चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को अपनी कप्तानी में 5 बार चैंपियन बनाया।
अब वे IPL 2027 से इसी फ्रेंचाइजी के साथ बतौर 'मेंटॉर' नई पारी की शुरुआत करेंगे। धोनी के इस ऐतिहासिक फैसले के बाद क्रिकेट जगत से प्रतिक्रियाओं का दौर जारी है। इसी कड़ी में महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने अपने पूर्व कप्तान के लिए एक बेहद भावुक संदेश लिखा है।
IPL के पहले सीजन से ही इस लीग का पर्याय बन चुके धोनी ने IPL 2027 सीजन के रिटेंशन वाले दिन संन्यास की घोषणा की। इसके अगले दिन सचिन तेंदुलकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' (पूर्व में ट्विटर) पर धोनी के शुरुआती दिनों को याद करते हुए खास पोस्ट साझा किया।
धोनी को भारतीय टीम का कप्तान बनाने में अहम भूमिका निभाने वाले सचिन ने लिखा, "मुझे आज भी याद है जब मैंने एमएस को बांग्लादेश में बल्लेबाजी (डेब्यू सीरीज) करते देखा था। तब मैंने सौरव (गांगुली) से कहा था कि उसकी पावर हिटिंग में कुछ खास बात है। आप उसी समय देख सकते थे कि उनमें एक अनोखी प्रतिभा है और आज देखिए उनका सफर कितना शानदार रहा।"
सचिन तेंदुलकर ने धोनी के साथ बिताए पलों को भारतीय क्रिकेट का स्वर्णिम दौर बताया। गौरतलब है कि लगातार 5 वर्ल्ड कप में खिताब से चूकने वाले सचिन का विश्व चैंपियन बनने का सपना साल 2011 में धोनी की ही कप्तानी में पूरा हुआ था।
उस ऐतिहासिक सफर को याद करते हुए मास्टर ब्लास्टर ने आगे लिखा कि तुम्हारे साथ ड्रेसिंग रूम शेयर करना और भारतीय क्रिकेट के सबसे यादगार पलों का हिस्सा बनना वाकई मेरे लिए बेहद खुशी की बात थी। मुझे हमेशा से यह भरोसा था कि तुम कुछ खास करोगे और तुमने मेरी उम्मीदों से भी कहीं ज़्यादा हासिल किया है।
IPL इतिहास के दो सबसे सफल कप्तानों में शुमार और चेन्नई सुपर किंग्स के दूसरे सबसे सफल बल्लेबाज रहे धोनी भले ही अब बल्ला थामे या विकेट के पीछे से मैच का पासा पलटते हुए दिखाई न दें, लेकिन येलो आर्मी के लिए उनकी भूमिका खत्म नहीं हुई है।
धोनी अब मैदान से बाहर रहकर डगआउट, ड्रेसिंग रूम और प्रैक्टिस सेशन में अपनी शातिर रणनीतियों से CSK को छठा खिताब जिताने की कोशिश करेंगे। बतौर मेंटॉर उनका यह नया सफर आगामी IPL 2027 सीजन से शुरू होगा।