मुंबई इंडियंस के मालिक आकाश अंबानी और रोहित शर्मा Source- IANS
क्रिकेट

IPL 2027 में रोहित शर्मा एक बार फिर मुंबई इंडियंस के कप्तान! MI ने पोस्ट कर बढ़ाई फैंस की धड़कन, आज होगा ऐलान

Mumbai Indians New Captain 2027: आईपीएल 2027 से पहले मुंबई इंडियंस नए कप्तान का ऐलान करने वाली है। रोहित शर्मा की वापसी की चर्चा है, जबकि सूर्यकुमार यादव और जसप्रीत बुमराह भी दावेदार बताए जा रहे हैं।

अर्पित शुक्ला

Highlights

  • हार्दिक पांड्या के पंजाब किंग्स में जाने के बाद मुंबई इंडियंस नए कप्तान की तलाश में है।

  • रोहित शर्मा की दोबारा कप्तानी संभालने की संभावना जताई जा रही है।

  • सूर्यकुमार यादव और जसप्रीत बुमराह के नाम भी कप्तानी की दौड़ में चर्चा में हैं।

MI Captaincy Announcement: आईपीएल 2027 के लिए मुंबई इंडियंस (MI) नए कप्तान के नाम का ऐलान शुक्रवार शाम को करेगी। हार्दिक पांड्या के पंजाब किंग्स (PBKS) में ट्रेड होने के बाद टीम में कप्तानी का पद खाली है। अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि पांच बार की चैंपियन टीम की कमान किस खिलाड़ी को सौंपी जाएगी। इस बीच पूर्व कप्तान रोहित शर्मा की दोबारा नेतृत्व की भूमिका में वापसी की संभावना जताई जा रही है।

आईएएनएस को मिली जानकारी के मुताबिक, रोहित शर्मा एक बार फिर मुंबई इंडियंस के कप्तान बनने जा रहे हैं, जिसका औपचारिक ऐलान आज किया जाएगा। वहीं, तिलक वर्मा को उप-कप्तान बनाए जाने की भी चर्चा है। हालांकि, आज शाम होने वाली घोषणा में स्थिति स्पष्ट होगी।

सूर्यकुमार-बुमराह भी कप्तानी की दौड़ में

मुंबई इंडियंस के नए कप्तान के लिए रोहित शर्मा के अलावा सूर्यकुमार यादव और जसप्रीत बुमराह के नाम भी चर्चा में हैं। सूर्यकुमार की कप्तानी में भारतीय टीम ने इसी साल टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता था। दूसरी ओर, बुमराह भी आईपीएल में टीम की अगुवाई कर चुके हैं। उन्होंने आईपीएल 2026 में धर्मशाला में पंजाब किंग्स के खिलाफ मुकाबले में मुंबई की कप्तानी की थी। हालांकि, कप्तानी को लेकर अंतिम फैसला फ्रेंचाइजी की शुक्रवार शाम होने वाली घोषणा के बाद ही साफ होगा।

रोहित की कप्तानी में मुंबई ने जीते थे 5 खिताब

रोहित शर्मा की कप्तान के रूप में वापसी होती है तो यह मुंबई इंडियंस के लिए पुराने दौर की शुरुआत होगी। रोहित ने एक दशक से ज्यादा समय तक टीम की अगुवाई की और इस दौरान उसे पांच बार आईपीएल चैंपियन बनाया। उनकी कप्तानी में मुंबई ने 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में खिताब जीते थे। इन पांच ट्रॉफियों के साथ रोहित आईपीएल इतिहास में कप्तान के तौर पर सबसे ज्यादा खिताब जीतने के मामले में महेंद्र सिंह धोनी की बराबरी पर हैं।

हार्दिक की कप्तानी में नौवें स्थान पर रही MI

मुंबई इंडियंस में कप्तानी बदलने की चर्चा आईपीएल 2026 में टीम के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद तेज हुई। हार्दिक पांड्या की अगुवाई में मुंबई ने अपने 14 लीग मैचों में से केवल चार मुकाबले जीते। टीम 10 टीमों की अंक तालिका में नौवें स्थान पर रही और उसका छठा आईपीएल खिताब जीतने का इंतजार जारी रहा।

हार्दिक को 2024 सीजन से पहले गुजरात टाइटंस से मुंबई इंडियंस में वापस लाया गया था। गुजरात की कप्तानी करते हुए उन्होंने टीम को आईपीएल 2022 का चैंपियन बनाया था। इसके बाद मुंबई ने उन्हें रोहित शर्मा की जगह कप्तान नियुक्त किया। फ्रेंचाइजी के इस फैसले पर उस समय काफी आलोचना हुई थी।

मुंबई इंडियंस के कोचिंग स्टाफ में भी बड़ा बदलाव

कप्तानी के साथ-साथ मुंबई इंडियंस ने अपने कोचिंग स्टाफ में भी बदलाव किया है। नए कोचिंग समूह में कीरोन पोलार्ड को हेड कोच, रॉबिन उथप्पा को बैटिंग कोच, मिशेल मैक्लेनघन को बॉलिंग कोच, टी. दिलीप को फील्डिंग कोच और धवल कुलकर्णी को डेवलपमेंट बॉलिंग कोच की जिम्मेदारी दी गई है।

टीम का नया कोचिंग स्टाफ 16 दिसंबर को गोवा में होने वाले आईपीएल मिनी ऑक्शन की तैयारियों में जुटा है। फ्रेंचाइजी की नजर अब नए सीजन के लिए मजबूत टीम तैयार करने पर है। मुंबई इंडियंस 2027 में अपने खिताबी इंतजार को खत्म करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। शुक्रवार को कप्तान के नाम का ऐलान इस दिशा में टीम का अगला बड़ा कदम होगा।

कन्हैया कुमार का चुनाव आयोग और केंद्र पर निशाना, बोले- मतदाता सूची से नाम हटाना लोकतंत्र के लिए खतरा

December Public Holidays List: दिसंबर में कब-कब रहेंगी छुट्टियां? यहां देखें पूरी लिस्ट

इंदौर पहुंचे केंद्रीय मंत्री का विरोध: काफिले के सामने छात्र ने लगाए "Hardeep Puri Go Back" के नारे- वीडियो

संसद का एक दिन का विशेष सत्र, 30 नवंबर को लोकसभा; 2 दिसंबर को राज्यसभा की बैठक

पाकिस्तान की नींद उड़ाने आया भारत का भार्गवस्त्र, ड्रोन हमलों का देगा मुंह तोड़ जवाब; पास किया आखिरी टेस्ट