Cooper Connolly Named Player of the Match in His IPL Debut Match: आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स ने जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की। मुल्लांपुर के महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए चौथे मुकाबले में पंजाब ने गुजरात टाइटंस को 3 विकेट से हराया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात की टीम ने निर्धारित ओवरों में 6 विकेट खोकर 162 रन बनाए। जवाब में पंजाब ने आखिरी ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया।
पंजाब की जीत में युवा बल्लेबाज कूपर कोनोली का सबसे बड़ा योगदान रहा। 22 साल के इस खिलाड़ी ने अपने पहले ही मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए 44 गेंदों में 72 रन की नाबाद पारी खेली। एक समय पंजाब का स्कोर 118 रन पर 6 विकेट हो गया था और टीम दबाव में थी। ऐसे में कोनोली ने संयम और आक्रामकता का बेहतरीन संतुलन दिखाया। उन्होंने पहले मार्को यानसेन के साथ 26 रन की अहम साझेदारी की और फिर जोवियन बार्टलेट के साथ मिलकर टीम को जीत की ओर बढ़ाया। बार्टलेट ने भी 5 गेंदों में 11 रन का योगदान दिया, जिससे दबाव कम हुआ और पंजाब जीत के करीब पहुंच गया।
कूपर कोनोली ने अपने पहले ही मुकाबले में शानदार खेल दिखाते हुए 'प्लेयर ऑप द मैच' का पुरस्कार अपने नाम किया। उनकी इस पारी ने न केवल टीम को जीत दिलाई, बल्कि दर्शकों का दिल भी जीत लिया। पुरस्कार मिलने के बाद कूपर कोनोली ने कहा, "मैं बस दुनिया के बेहतरीन खिलाड़ियों के साथ खेलने का इंतज़ार कर रहा था। टीम का प्रदर्शन शानदार रहा। (छक्के लगाने के बारे में) मैं ज़्यादातर टेम्पो प्लेयर हूँ। रिकी के साथ काम करना बहुत अच्छा रहा। बाकी टूर्नामेंट का बेसब्री से इंतज़ार है। ज़्यादा कुछ बात नहीं हुई, मैं काफी रिलैक्स था। मार्को शांत था और ज़ेवियर भी। यह पहली बार था जब मैं उसके खिलाफ खेला और मैं बस खेल का मज़ा लेने की कोशिश कर रहा था।"
कूपर कोनोली के अलावा प्रभसिमरन सिंह ने 24 गेंदों में 37 रन बनाकर टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई। हालांकि, कप्तान श्रेयस अय्यर ज्यादा देर टिक नहीं सके और 18 रन बनाकर आउट हो गए। मध्यक्रम में कुछ विकेट जल्दी गिरने से टीम पर दबाव बढ़ा, लेकिन अंत में कोनोली की पारी ने सब संभाल लिया।
गुजरात टाइटंस की ओर से प्रसिद्ध कृष्णा ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 29 रन देकर 3 विकेट लिए। इसके अलावा कगिसो रबाडा, अशोक शर्मा, राशिद खान और वाशिंगटन सुंदर को एक-एक विकेट मिला, लेकिन वे टीम को जीत नहीं दिला सके।
इस मुकाबले में गुजरात की बल्लेबाजी उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। टीम का कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका। कप्तान शुभमन गिल ने 39 रन बनाए, जबकि जोस बटलर ने 38 रन की पारी खेली। इसके अलावा ग्लेन फिलिप्स ने 25, वाशिंगटन सुंदर ने 18 और साई सुदर्शन ने 13 रन बनाए।
ये भी पढ़ें: मुल्लांपुर में कूपर कोनोली की दहाड़, गिल की गुजरात ने टेके घुटने, IPL 2026 में PBKS का जीत के साथ हुआ श्रीगणेश
पंजाब किंग्स की ओर से विजयकुमार वैशाक ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके। उनके अलावा युजवेंद्र चहल ने 2 विकेट लिए, जबकि मार्को यानसेन को 1 सफलता मिली। गेंदबाजों के इस प्रदर्शन ने गुजरात को बड़े स्कोर तक पहुंचने से रोक दिया। कुल मिलाकर, यह मुकाबला काफी रोमांचक रहा, जिसमें पंजाब किंग्स ने दबाव के बीच शानदार खेल दिखाकर जीत हासिल की और अपने अभियान की मजबूत शुरुआत की।