स्पोर्ट्स डेस्क, नवभारत: आईपीएल 2025 से पहले इस साल के अंत मेगा ऑक्शन होने वाला है। जिसमें टीमें बड़े-बड़े खिलाड़ियों को अपनी टीम में शामिल करने की कोशिश में रहेगी। हालांकि इससे पहले कई बड़ी टीमों ने अपने कोचिंग स्टाफ में भी बदलाव किया है। इसी बीच अब खबर है कि मुंबई इंडियंस ने भी पारस म्हाम्ब्रे को अपना गेंदबाजी कोच नियुक्त किया है।
भारतीय टीम को टी20 वर्ल्ड कप 2024 का चैंपियन बनाने के बाद अब पारस म्हाम्ब्रे आईपीएल में धमाल मचाने के तैयार हैं। वह मुंबई को आईपीएल की छठी ट्रॉफी दिलाने में मदद करने वाले हैं। टीम के गेंदबाजी कोच बनकर वह टीम की बॉलिंग यूनिट को मजबूत करेंगे। हालांकि पारस म्हाम्ब्रे के गेंदबाजी कोच बनने का मुंबई ने आधिकारिक ऐलान नहीं किया है। लेकिन कई मीडिया रिपोर्ट्स में इसे लेकर दावा किया गया है।
जानकारी के लिए बता दें कि 2008 में जब आईपीएल शुरू हुआ था, जब मुंबई इंडियंस के सेटअप में पारस म्हाम्ब्रे भी शामिल थे। वह उस समय टीम का हिस्सा हुआ करते थे। इसके अलावा वह 2020 में अंडर-19 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया के कोच थे।
ऐसे में पारस म्हाम्ब्रे की एक बार फिर घर वापसी हुई है। मुंबई में वह दोबारा शामिल हुए हैं। इस समय वह गेंदबाजी कोच के तौर पर टीम का हिस्सा बने हैं। आईपीएल 2025 में पारस म्हाम्ब्रे के अंडर मुंबई के गेंदबाज धमाल मचा सकते हैं।
ज्ञात हो कि 2024 के आईपीएल में मुंबई इंडियंस का प्रदर्शन काफी खराब रहा था। रोहित शर्मा से कप्तानी छीनकर हार्दिक पांड्या को सौंप दी गई थी। लेकिन पांड्या की कप्तानी में मुंबई का खेल काफी खराब रहा। हालांकि अब ऐसा माना जा रहा है कि इस बार रोहित शर्मा मुंबई का दामन छोड़ किसी और टीम में शामिल हो सकते हैं और मुंबई हार्दिक को कप्तानी से हटा भी सकता है। ऐसे में देखने लायक होगा कि टीम क्या फैसला लेती है।