PAK vs USA, T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 12वें मुकाबले में पाकिस्तान ने यूएसए को 32 रनों से हराकर शानदार जीत दर्ज की। इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान की टीम ने 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 190 रन बनाए। जवाब में यूएसए की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 158 रन ही बना सकी और मुकाबला हार गई। इस जीत के साथ पाकिस्तान ने टूर्नामेंट में अपनी दूसरी जीत हासिल की, जबकि यूएसए को दूसरी हार का सामना करना पड़ा। खास बात यह रही कि पाकिस्तान ने टी20 वर्ल्ड कप 2024 में यूएसए से मिली हार का हिसाब भी बराबर कर लिया।
पाकिस्तान की बल्लेबाजी में सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान ने सबसे अहम भूमिका निभाई। उन्होंने 41 गेंदों पर 73 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। पूर्व कप्तान बाबर आजम ने भी उपयोगी योगदान देते हुए 32 गेंदों पर 46 रन बनाए और पारी को मजबूती दी। इसके अलावा शादाब खान ने तेज बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 12 गेंदों पर 30 रन जोड़े, जिससे टीम का स्कोर 190 तक पहुंच सका। हालांकि इनके अलावा अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सके।
यूएसए की ओर से तेज गेंदबाज शैडली वैन शाल्कविक ने एक बार फिर प्रभावशाली गेंदबाजी की और 4 ओवर में 25 रन देकर 4 विकेट झटके। वहीं सौरभ नेत्रवलकर, मोहम्मद मोहसिन और हरमीत सिंह को एक-एक विकेट मिला।
190 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूएसए की टीम की शुरुआत अच्छी रही। एंड्रीज गॉस और शायन जहांगीर ने पहले विकेट के लिए 42 रन जोड़े, लेकिन इसके बाद टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही। यूएसए के लिए शुभम रंजने ने 30 गेंदों पर 51 रन की अर्धशतकीय पारी खेली, जबकि शायन जहांगीर 49 रन बनाकर आउट हुए। मिलिंद कुमार ने 29 रन का योगदान दिया, लेकिन टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी। पाकिस्तान की ओर से उस्मान तारिक ने सबसे ज्यादा 3 विकेट हासिल किए।
इस मैच से पहले यूएसए ने अपने पहले मुकाबले में भारत के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन किया था और एक समय भारतीय टीम को दबाव में भी डाला था। वहीं पाकिस्तान ने अपने पहले मैच में नीदरलैंड्स को कड़े मुकाबले में हराकर जीत दर्ज की थी। इस तरह पाकिस्तान ने लगातार दूसरी जीत के साथ टूर्नामेंट में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है।