स्पोर्ट्स डेस्क: बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में अपना नाम बनाने वाले नीतीश कुमार रेड्डी का होम टाउन में जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरे पर नीतीश कुमार रेड्डी एक ऑलराउंडर के तौर पर उभरे हैं। ऑस्ट्रेलिया से लौटने के बाद नीतीश कुमार रेड्डी का आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम हवाई अड्डे पर पहुंचने के बाद शानदार स्वागत किया गया।
विशाखापट्टनम हवाई अड्डे से बाहर निकलने के बाद नीतीश कुमार रेड्डी को प्रशंसकों ने एक बड़ी माला पहनाई। उसके बाद उनके उपर पुष्प की बरसात की गई। वहीं आसपास खड़े लोगों ने इस कैमरे में कैद करने की कोशिश की। विशाखापट्टनम के गजवुआका में रहने वाले नीतीश इसके बाद एक खुली जीप की अगली सीट पर बैठे, उनके पिता मुत्यालु वाहन में पीछे बैठे थे और प्रशंसक रेड्डी की एक झलक पाने के लिए आस-पास खड़े थे।
पांच मैचों में नीतीश ने 37.25 की औसत से 298 रन बनाए, जिससे वह सीरीज में भारत के दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए। मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर उनकी 114 रनों की पारी ने भारतीय टीम के लिए एक ऊर्जा का संचार पैदा कर दिया था। यह उनका पहला टेस्ट शतक भी था। जो इस दौरे का सबसे शानदार पल था, खासकर तब जब उनके पिता मुत्यालु रेड्डी, मां मानसा, बहन तेजस्वी और चाचा सुरेंद्र मेलबर्न में मौजूद थे।
वहीं इस सीरीज में गेंदबाजी करते हुए नीतीश रेड्डी ने 44 ओवर में 5 विकेट चटकाए। उनका बेस्ट प्रदर्शन 32 रन देकर 2 विकेट रहा।ऑस्ट्रेलिया के अपने पहले टेस्ट दौरे पर उनके प्रदर्शन और शांत स्वभाव ने नीतीश को पूर्व भारतीय और ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों से खूब प्रशंसा मिली। रेड्डी अब सभी प्रारूपों में राष्ट्रीय टीम के मुख्य खिलाड़ी के तौर पर उभर सकते हैं।
बांग्लादेश के खिलाफ टी20 मुकाबले में डेब्यू करने के बाद नीतीश रेड्डी ने दिल्ली में बल्ले से 74 रनों की शानदार पारी खेली थी। उसके बाद ही वो चर्चा में आने लगे थे। अब उम्मीद है कि नीतीश को इंग्लैंड के साथ सीरीज में भी जरूर मौका मिलेगा। अगर ऐसा नहीं होता है तो वह 23 जनवरी को पुडुचेरी और 30 जनवरी को राजस्थान के खिलाफ़ रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप बी मैचों में आंध्र के लिए खेल सकते हैं।