Lauren Down retirement from Cricket: न्यूजीलैंड महिला क्रिकेट से बड़ी खबर सामने आई है। टीम की भरोसेमंद बल्लेबाज लॉरेन डाउन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया है। ऑकलैंड में जन्मी और पली-बढ़ी डाउन ने अपने राज्य और देश का लंबे समय तक प्रतिनिधित्व किया। संन्यास की घोषणा करते हुए उन्होंने कहा कि न्यूजीलैंड टीम का हिस्सा बनना उनके लिए गर्व की बात रही और देश के लिए खेलने का अवसर पाकर वह खुद को बेहद सौभाग्यशाली मानती हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि ड्रेसिंग रूम का माहौल और साथियों के साथ बिताया समय उन्हें सबसे ज्यादा याद आएगा।
30 वर्षीय डाउन ने साल 2011 में ऑकलैंड के लिए टी20 डेब्यू किया था। इसके बाद उन्होंने कुल 202 मैचों में टीम का प्रतिनिधित्व किया। ऑकलैंड के लिए 101 लिस्ट ए और 101 टी20 मुकाबले खेलते हुए वह टीम की तीसरी सबसे ज्यादा मैच खेलने वाली खिलाड़ी बनीं। टी20 क्रिकेट में उन्होंने 1496 रन बनाए, जबकि लिस्ट ए में उनके नाम 2690 रन दर्ज हैं। करियर की शुरुआत में वह ऑलराउंडर की भूमिका में भी नजर आईं और 41 विकेट हासिल किए। वह पांच बार हैलीबर्टन जॉनस्टोन शील्ड जीतने वाली टीम का हिस्सा रहीं। 2019-20 के फाइनल में 90 रनों की दमदार पारी खेलकर उन्होंने ऑकलैंड को नॉर्दन डिस्ट्रिक्ट्स पर 67 रन से जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
घरेलू क्रिकेट में निरंतर प्रदर्शन का इनाम उन्हें 2018 में मिला, जब न्यूजीलैंड की राष्ट्रीय टीम में उनका चयन हुआ। उन्होंने मार्च 2018 में वेस्टइंडीज के खिलाफ अपना वनडे डेब्यू किया। उनका वनडे करियर लगभग छह साल तक चला और दिसंबर 2024 में उन्होंने अपना आखिरी ODI मैच खेला। टी20 इंटरनेशनल में उनका डेब्यू फरवरी 2020 में हुआ, जबकि दिसंबर 2022 में उन्होंने अंतिम टी20 मुकाबला खेला। न्यूजीलैंड की ओर से उन्होंने 35 वनडे और 13 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले। 2021 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बे ओवल में खेली गई 90 रन की पारी उनके अंतरराष्ट्रीय करियर की यादगार पारियों में शामिल रही।
ये भी पढ़ें: हरमनप्रीत कौर का ऐतिहासिक कारनामा, महिला क्रिकेट में रचा इतिहास, ऐसा करने वाली दुनिया की पहली खिलाड़ी बनी
2022 में अंगूठे की चोट के कारण वह महिला विश्व कप से बाहर हो गई थीं, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। वापसी करते हुए 2023 के आईसीसी महिला टी20 विश्व कप टीम में जगह बनाई। मातृत्व अवकाश के बाद भी उन्होंने सफल वापसी कर सभी को प्रेरित किया। न्यूजीलैंड महिला टीम के कोच बेन सॉयर ने उनके समर्पण और टीम भावना की सराहना की, जबकि साथी खिलाड़ी मैडी ग्रीन ने उन्हें मेहनती और शानदार टीममेट बताया।