नजमुल हुसैन शंटो (सौजन्यः एक्स)  
क्रिकेट

बांग्लादेश के कप्तान शंटो ने टीम को चेताया, भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले कही यह बात

बांग्लादेश के कप्तान नजमुल हसन शंटो नहीं चाहते हैं कि उनकी टीम पाकिस्तान के खिलाफ श्रृंखला में जीत के खुमार में डूबी रहे। वह चाहते हैं कि इसके बजाय टीम गुरुवार से यहां शुरू होने वाली दो टेस्ट मैच की श्रृंखला में भारत की मजबूत टीम का सामना करने पर ध्यान दे।

मृणाल पाठक

चेन्नई: बांग्लादेश ने हाल ही पाकिस्तान को उसके ही घर में टेस्ट सीरीज में करारी शिकस्त दी थी। जिसके बाद से ही टीम को हौसला काफी बुलंद है। ऐसे में अब बांग्लादेश 19 सितंबर से भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेलने वाली है। जिससे पहले टीम के कप्तान नजमुल हसन शंटो ने अपनी टीम को नसीहत दी है कि पाकिस्तान के खिलाफ सीरीज में जीत के खुमार में डूबे नहीं रहना है। वह चाहते हैं कि इसके बजाय टीम भारत की मजबूत टीम का सामना करने पर ध्यान दे।

बांग्लादेश की टीम पाकिस्तान के खिलाफ उसकी धरती पर दो टेस्ट मैच की श्रृंखला में 2-0 से जीत दर्ज करके यहां पहुंची है। शंटो ने बुधवार को यहां मैच की पूर्व संध्या पर पर पत्रकारों से कहा, ‘‘मेरा मानना है कि हमने पाकिस्तान में बहुत अच्छी क्रिकेट खेली जिससे हमारा काफी मनोबल बढ़ा है लेकिन अब वह अतीत की बात है।''

उन्होंने कहा, ‘‘हम यहां नई श्रृंखला खेलने के लिए आए हैं और हमारे खिलाड़ियों को विश्वास है कि हम अच्छी क्रिकेट खेल सकते हैं। हम परिणाम के बारे में नहीं सोच रहे हैं और केवल प्रक्रिया का अनुसरण करने की कोशिश कर रहे हैं।''

पाकिस्तान के खिलाफ शानदार प्रदर्शन के बावजूद बांग्लादेश के लिए भारत में खेलना आसान नहीं होगा लेकिन शंटो का मानना है की परिस्थितियों से खास अंतर पैदा नहीं होगा। उन्होंने कहा, ‘‘भारत की टीम बहुत मजबूत है। हम जानते हैं कि वह तीनों विभाग बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण में मजबूत है लेकिन हम परिस्थितियों के बारे में नहीं सोच रहे हैं। हम केवल अपनी टीम के बारे में सोच रहे हैं।''

बांग्लादेश के युवा तेज गेंदबाज नाहिद राणा पर सभी की निगाहें टिकी रहेगी जिन्होंने पाकिस्तान में बहुत अच्छा प्रदर्शन किया था। लेकिन शंटो ने कहा कि "उनका ध्यान केवल एक खिलाड़ी के प्रदर्शन पर नहीं लगा है। उन्होंने कहा,‘‘उसका प्रदर्शन उत्साह जनक है तथा पाकिस्तान के खिलाफ उसने जिस तरह से गेंदबाजी की वह वास्तव में प्रभावशाली थी लेकिन मैं अपना पूरा ध्यान एक खिलाड़ी पर नहीं लगाऊंगा। मेरा मानना है कि पाकिस्तान में सभी तेज गेंदबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया। उम्मीद है कि वे यहां भी अच्छा प्रदर्शन करेंगे।''

शंटो ने कहा, ‘‘पिछले 10-15 वर्षों में अधिकतर खिलाड़ी अनुभवी हो चुके हैं। अब वे अपनी भावनाओं पर काबू पाना सीख गए हैं। अब हम जीत या हार के बारे में नहीं बल्कि अपने खेल के बारे में सोचते हैं। हम प्रत्येक मैच में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश करते हैं।''

(एजेंसी इनपुट के साथ)

कौन हैं छठी मैया, क्यों की जाती है सूर्य की पूजा? जानें छठ महापर्व की कथा और 4 दिनों के नियम

Bihar Chhath Puja 2026: नितिन नबीन के आवास पर छठ की रौनक, राज्यपाल और CM सम्राट ने ग्रहण किया खरना का प्रसाद

आखिरी गेंद पर पाकिस्तान को दी मात, भारत की रोमांचक जीत से गदगद हुए PM मोदी; युवाओं को दिया खास संदेश

Kal Ka Mausam: 15 नवंबर को 4 राज्यों में बारिश के आसार, बंगाल की खाड़ी में चक्रवात का अलर्ट

धामी सरकार के 5 साल में उत्तराखंड को मिले 3 नए मेडिकल-नर्सिंग कॉलेज, CM बोले- हर क्षेत्र तक पहुंचें बेहतर इलाज