Kolkata Knight Riders vs Rajasthan Royals: आईपीएल 2026 का 28वां मुकाबला कोलकाता नाइट राइडर्स और राजस्थान रॉयल्स (KKR vs RR) के बीच खेला जा रहा है। राजस्थान रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 155 रन बनाकर कोलकाता के सामने 156 रनों का लक्ष्य रखा है। केकेआर की कोशिश इस मुकाबले को अपने नाम करते हुए जीत का खाता खोलने की होगी।
कोलकाता के इडेन गार्डन्स में टॉस जीतकर राजस्थान रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान ने 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 155 रन बनाए। हालांकि, टीम की शुरुआत कमाल की रही थी। यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी की सलामी जोड़ी ने 8.4 ओवरों में 81 रन की साझेदारी की। सूर्यवंशी महज 4 रन से अर्धशतक चूके। उन्होंने 28 गेंदों में 2 छक्कों और 6 चौकों के साथ 46 रन बनाए।
इसके बाद जायसवाल ने ध्रुव जुरेल (5) के साथ दूसरे विकेट के लिए महज 16 रन की साझेदारी की। आलम ये रहा कि टीम ने 99 के स्कोर तक जायसवाल का विकेट भी खो दिया था। जायसवाल 29 गेंदों में 2 छक्कों और 4 चौकों के साथ 39 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसके बाद टीम निरंतर अंतराल पर विकेट गंवाती रही।
इस बीच कप्तान रियान पराग ने 12 रन, जबकि शिमरोन हेटमायर ने 15 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। कोलकाता नाइट राइडर्स की तरफ से कार्तिक त्यागी ने 22 रन देकर 3 विकेट हासिल किए, जबकि वरुण चक्रवर्ती ने महज 14 रन देकर 3 विकेट निकाले। सुनील नारायण के हाथ 2 विकेट लगे।
केकेआर ने अब तक 6 मुकाबले खेले हैं, जिसमें 5 मुकाबले गंवाए, जबकि 1 मैच बारिश के चलते बेनतीजा रहा। यह टीम फिलहाल प्वाइंट्स टेबल में सबसे निचले पायदान पर है। वहीं, दूसरी तरफ राजस्थान रॉयल्स 5 में से 4 मैच जीतकर तीसरे स्थान पर मौजूद है। इस टीम ने 1 मुकाबला गंवाया है।
कोलकाता नाइट राइडर्स की प्लेइंग इलेवन: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), कैमरून ग्रीन, रोवमैन पॉवेल, रिंकू सिंह, सुनील नरेन, रमनदीप सिंह, अनुकूल रॉय, वैभव अरोड़ा, कार्तिक त्यागी और वरुण चक्रवर्ती।
राजस्थान रॉयल्स की प्लेइंग इलेवन: वैभव सूर्यवंशी, यशस्वी जयसवाल, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रियान पराग (कप्तान), शिमरोन हेटमायर, डोनोवन फरेरा, रवींद्र जड़ेजा, जोफ्रा आर्चर, नंद्रे बर्गर, ब्रिजेश शर्मा और रवि बिश्नोई।