किंग चार्ल्स तृतीय की भारतीय क्रिकेट टीम से की मुलाकात (सोर्स: सोशल मीडिया) 
क्रिकेट

'लास्ट बैटर आउट होने पर कैसा लगा?' King Charles से मिली 'प्रिंस' एंड कंपनी-VIDEO

IND vs ENG: किंग चार्ल्स तृतीय ने मंगलवार को क्लेरेंस हाउस के बगीचे में भारत की पुरुष और महिला क्रिकेट टीमों से मुलाकात की। इस दौरान किंग चार्ल्स ने शुभमन गिल से एक सवाल पूछा।

आकाश मसने

लंदन: भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के के तीसरे में मैच में भारतीय टीम को हार का सामना करना पड़ा। लॉर्ड्स में खेला गया यह मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। इसके बाद मंगलवार को भारत की पुरुष और महिला क्रिकेट टीमों ने किंग चार्ल्स तृतीय से मुलाकात की।

सोमवार को लॉर्ड्स मैदान पर श्रृंखला के रोमांचक तीसरे टेस्ट मैच में 22 रन से हार का सामना करना पड़ा। भारत के आखिरी बल्लेबाज मोहम्मद सिराज थोड़े दुर्भाग्यशाली रहे कि शोएब बशीर की गेंद उनके बल्ले का किनारा लेने के बाद धीरे से विकेट से टकराई और फिर गिल्लियां गिर गयी।

किंग चार्ल्स ने भारतीय क्रिकेटरों से की बात

ब्रिटेन के 76 वर्षीय महाराजा ने भारतीय क्रिकेटरों के साथ इस खेल को लेकर काफी समय तक चर्चा की। कप्तान शुभमन गिल ने उनसे टीम की मुलाकात को अद्भुत करार दिया। भारतीय उच्चायुक्त विक्रम दुरईस्वामी और उप उच्चायुक्त सुजीत घोष के साथ कांग्रेस राज्यसभा सांसद एवं बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला तथा सचिव देवजीत सैकिया इस दौरान वहां मौजूद थे।

किंग चार्ल्स ने पूछा गिल से सवाल

किंग चार्ल्स तृतीय ने मंगलवार को क्लेरेंस हाउस के बगीचे में भारत की पुरुष और महिला क्रिकेट टीमों से मुलाकात के दौरान मोहम्मद सिराज के आउट होने को ‘दुर्भाग्यपूर्ण' करार दिया लेकिन इसके बारे में भारतीय कप्तान शुभमन गिल से पूछे बिना नहीं रह सके।

कप्तान शुभमन गिल से हाथ मिलाते किंग चार्ल्स तृतीय (सोर्स: पीटीआई)

क्या बोले कप्तान गिल?

कप्तान शुभमन गिल ने मुलाकात के बाद कहा कि यह अद्भुत था। मुझे लगता है कि किंग चार्ल्स बहुत दयालु और उदार हैं। हमारी उन से बहुत अच्छी बातचीत हुई। गिल ने कहा कि उन्होंने किंग चार्ल्स हमें बताया कि हमारे आखिरी बल्लेबाज के आउट होने का तरीका काफी दुर्भाग्यपूर्ण था, गेंद लुढ़कती हुई विकेट पर लग गई।

वह हमसे बस पूछ रहे थे कि उसके बाद आपको कैसा महसूस हुआ? और हमने उन्हें बताया कि यह हमारे लिए एक दुर्भाग्यपूर्ण मैच था। उम्मीद है कि अगले दोनों मैचों में हमें किस्मत का अच्छा साथ मिलेगा।

कप्तान गिल ने इस मौके पर कहा कि भारतीय टीम जब भी इंग्लैंड में खेलती है, उसे प्रवासियों भारतीय से जबरदस्त समर्थन मिलता है। उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि हम इस मामले में भाग्यशाली हैं कि हम जहां भी जाते हैं हमें हमेशा अच्छा समर्थन मिलता है। यहां भी ऐसा ही रहा है।  मुझे हालांकि लगता है कि पहले कुछ दिनों में लॉर्ड्स में इंग्लैंड के समर्थक अधिक थे, लेकिन मैच के आखिरी तीन दिनों में हमें दर्शकों से काफी अच्छा समर्थन मिला।

भारतीय कप्तान गिल का मानना है कि पहले तीन मैचों में क्रिकेट की गुणवत्ता ने लोगों की दिलचस्पी टेस्ट क्रिकेट में बढ़ा दी है। उन्होंने कहा कि दोनों टीमों ने बहुत जुनून दिखाया। हमने बहुत गर्व के साथ खेला। हमने मानसिक और शारीरिक रूप से अपना सब कुछ दिया। कोई टेस्ट मैच पांचवें दिन के आखिरी सत्र तक चलता है और आप उसे 20-22 रन से हार जाते हैं, तो निश्चित रूप से टेस्ट क्रिकेट असली विजेता होगा।

महिला टीम की कप्तान हरमनप्रीत ने बताया कैसी रही मुलाकात

भारतीय महिला टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने भी किंग चार्ल्स तृतीय से मुलाकात को लेकर अपनी टीम के उत्साह को व्यक्त किया। हरमनप्रीत ने कहा कि यह वास्तव में एक बहुत अच्छा अनुभव था। हम पहले भी कई बार इंग्लैंड आये है लेकिन उनसे मुलाकात का यह पहला अवसर है। वह बहुत मिलनसार है। उन्होंने हमसे हमारी यात्रा के बारे में पूछा।

महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ियों से बात करते किंग चार्ल्स तृतीय (सोर्स: पीटीआई)

महिला टीम के मुख्य कोच अमोल मजूमदार ने कहा कि ‘रॉयल हाउस' आकर किंग चार्ल्स से मिलना एक बहुत ही अच्छा अनुभव रहा। हम साउथम्पटन से इतनी दूर आए लेकिन यह वास्तव में शानदार रहा। हमारी टीम की खिलाड़ी इसे लेकर बहुत उत्साहित थीं और हमें खुशी है कि हम यहां हैं।

ब्रिटिश एशियन ट्रस्ट ने आयोजित कराया कार्यक्रम

यह कार्यक्रम ब्रिटिश एशियन ट्रस्ट द्वारा आयोजित किया गया था, जो किंग चार्ल्स तृतीय द्वारा दक्षिण एशिया में गरीबी, असमानता और अन्याय से निपटने के लिए स्थापित एक परोपकार है। ट्रस्ट के कार्यकारी निदेशक हितन मेहता ने कहा कि ब्रिटिश एशियन ट्रस्ट की शुरुआत 2007 में भारत और पाकिस्तान के बीच एक क्रिकेट मैच से हुई थी, जिसे चार्ल्स तृतीय (तब वे प्रिंस ऑफ वेल्स थे) ने आयोजित करने में मदद की थी। ऐसे में आज क्लेरेंस हाउस में इस कार्यक्रम का आयोजन होना दिल को छूने वाला है। उन्होंने कहा कि हम भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश और श्रीलंका में हमारे काम के लिए किंग चार्ल्स के निरंतर समर्थन के लिए बहुत आभारी हैं। यह देखना बहुत अच्छा रहा है कि यह एक बहुत छोटे संगठन से बढ़कर दक्षिण एशिया में 1.3 करोड़ लोगों की मदद करने वाला बन गया है।

मैनचेस्टर में होगा चौथा टेस्ट

पुरुष टीम इंग्लैंड के खिलाफ अपने चौथे टेस्ट से पहले मैनचेस्टर के लिए रवाना हो गई। पांच मैचों की श्रृंखला का चौथा टेस्ट 23 जुलाई से ओल्ड ट्रैफर्ड स्टेडियम में खेला जायेगा। महिला टीम इंग्लैंड के खिलाफ टी20 श्रृंखला को 3-2 से जीतने के बाद बुधवार को अपने तीन मैचों की श्रृंखला के शुरुआती एकदिवसीय मुकाबले के लिए साउथम्प्टन लौट गई।

टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन के इस्तीफे से टाटा ग्रुप के शेयर क्रैश; एक झटके में डूबे 44000 करोड़!

Air India में टर्बुलेंस, IndiGo में इंजन फेल, स्पाइसजेट में तकनीकी खराबी, फ्लाइट दें रही बड़े हादसे को न्योता

जानिए क्यों चंद्रशेखरन ने अचानक दिया झटका, ऐसी है अंदरखाने की चर्चा, TATA के शेयरों में आई गिरावट

पुतिन के दूत बने पूर्व CJI चंद्रचूड़, क्रेमलिन ने सौंपी बड़ी जिम्मेदारी, रूस-यूक्रेन के बीच सुलझाएंगे ये विवाद

भारत मंडपम से तिरंगा यात्रा, उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन बोले- वंदे मातरम स्वतंत्रता संग्राम की असली ताकत