पूनम राउत ने सभी अंतरराष्ट्रीय प्रारूपों से लिया संन्यास
दीप्ति शर्मा के साथ वनडे ओपनिंग में 320 रनों की साझेदारी का वर्ल्ड रिकॉर्ड।
112 मैचों (4 टेस्ट, 73 वनडे, 35 टी-20) में 4 शतकों के साथ 3,200+ रन।
Punam Raut Retirement International Cricket: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की पूर्व सलामी बल्लेबाज पूनम राउत ने 37 साल की उम्र में तत्काल प्रभाव से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास का ऐलान कर दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा कर इस फैसले की जानकारी दी।
2009 से 2021 के बीच भारत के लिए खेलते हुए पूनम ने क्रिकेट जगत में अपनी एक खास पहचान बनाई। वह आखिरी बार साल 2021 में भारतीय जर्सी में एक टेस्ट मैच के दौरान मैदान पर नजर आई थीं।
पूनम राउत ने अपनी पोस्ट में लिखा कि भारत का प्रतिनिधित्व करना उनके जीवन का सबसे बड़ा सम्मान रहा है। उन्होंने क्रिकेट को अपने जीवन का आधार बताते हुए कहा कि इस खेल ने न केवल उनके व्यक्तित्व को गढ़ा, बल्कि विपरीत परिस्थितियों में डटे रहना भी सिखाया।
राउत ने भारतीय जर्सी पहनने के अपने सपने को पूरा करने के लिए मिले भरोसे और समर्थन के लिए सभी प्रशंसकों और शुभचिंतकों का आभार व्यक्त किया। इसके साथ ही, उन्होंने अपने करियर को संवारने के लिए मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) को धन्यवाद दिया, जिसने उनके शुरुआती सालों में उन पर भरोसा जताया और उनके क्रिकेट सफर की मजबूत नींव रखी।
दाएं हाथ की भरोसेमंद बल्लेबाज पूनम राउत का अंतरराष्ट्रीय करियर शानदार रहा। उन्होंने भारत के लिए 4 टेस्ट मैचों की 7 पारियों में 44.00 की बेहतरीन औसत से 264 रन बनाए, जिसमें एक शतक शामिल है। वनडे क्रिकेट में उनका प्रदर्शन बेहद प्रभावी रहा, जहां उन्होंने 73 मैचों में 34.83 की औसत से 2,299 रन जोड़े।
इस दौरान उनके बल्ले से 3 शतक और 15 अर्धशतक निकले। वहीं, 35 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की 31 पारियों में उन्होंने 27.65 की औसत से 719 रन अपने नाम किए।
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की बल्लेबाज पूनम राउत के नाम महिला वनडे क्रिकेट इतिहास का एक ऐसा अटूट रिकॉर्ड दर्ज है, जिसे आज तक कोई नहीं तोड़ पाया है। साल 2017 में आयरलैंड के खिलाफ खेलते हुए पूनम राउत ने दीप्ति शर्मा के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 320 रनों की ऐतिहासिक ओपनिंग साझेदारी की थी। महिला वनडे इतिहास में यह पहली बार था जब किसी जोड़ी ने 300 रनों का आंकड़ा पार किया था।
उसी साल 2017 में आयोजित हुए महिला वनडे विश्व कप में भी पूनम का बल्ला जमकर गरजा था, जहां उन्होंने 9 पारियों में 42.33 की औसत से 381 रन बनाकर भारत को फाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई थी। उनके संन्यास से भारतीय महिला क्रिकेट के एक सुनहरे अध्याय का अंत हो गया है।