भारत ने जिम्बाब्वे को 3-0 से हराया (Image- IANS) 
क्रिकेट

81 रन की पारी, फिर प्लेयर ऑफ द सीरीज...वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास, भारत ने जिम्बाब्वे को 3-0 से हराया

IND vs ZIM: भारत ने तीसरे टी20 में जिम्बाब्वे को 35 रन से हराकर 3-0 से सीरीज अपने नाम की। वैभव सूर्यवंशी ने 81 रन की शानदार पारी खेली और प्लेयर ऑफ द मैच व प्लेयर ऑफ द सीरीज बने।

अर्पित शुक्ला

IND vs ZIM 3rd T20: भारतीय क्रिकेट टीम ने जिम्बाब्वे के 3 टी20 मैचों की सीरीज में 3-0 से हरा दिया है। रविवार को खेले गए तीसरे टी20 मुकाबले में श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम इंडिया ने जिम्बाब्वे को 35 रन से हराकर सीरीज पर अजेय रहते हुए कब्जा किया।

193 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने पहली ही गेंद पर ओपनर ब्रायन बेनेट का विकेट खो दिया। इसके बाद टीम ने नियमित अंतराल पर विकेट खोए। 65 रन पर 4 विकेट गंवा चुकी जिम्बाब्वे के लिए 5वें विकेट के लिए रयान बर्ल और वेस्ली मधेवेरे ने 60 रन की पारी घोषित की। इसी साझेदारी की वजह से जिम्बाब्वे 150 के पार पहुंच सकी।

भारत की शानदार गेंदबाजी

जिम्बाब्वे की तरफ से रयान बर्ल एकमात्र बल्लेबाज रहे, जो भारतीय गेंदबाजों का सामना कर सके। पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए बर्ल ने शानदार अर्धशतक लगाया। बर्ल 43 गेंदों पर 54 रन बनाकर नाबाद रहे। इसके अलावा, बेन करन ने 20, डियोन मायर्स ने 19, मधेवेरे ने 28, और ब्रैड इवांस ने 14 रन बनाए। जिम्बाब्वे 20 ओवर में 7 विकेट पर 157 रन बना सकी और 35 रन से मैच हार गई।

भारत की तरफ से मयंक यादव सबसे सफल गेंदबाज रहे। यश ठाकुर ने 4 ओवर में 45 रन देकर 2, अशोक शर्मा ने 4 ओवर में 20 रन देकर 1, रवि बिश्नोई ने 4 ओवर में 24 रन देकर 1 विकेट लिए।

सूर्यवंशी का तूफानी अर्धशतक

इससे पहले, भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट के नुकसान पर 192 रन बनाए थे। भारत की तरफ से युवा सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने 81 रनों की विस्फोटक पारी खेली। वैभव ने 49 गेंदों की अपनी पारी में 4 छक्के और 8 चौके लगाए। यह उनका दूसरा टी20 अर्धशतक था। वैभव ने ईशान किशन के साथ दूसरे विकेट के लिए 75 और तीसरे विकेट के लिए कप्तान अय्यर के साथ 50 रन की साझेदारी की थी। वैभव के अलावा ईशान किशन ने 26 गेंदों पर 29, कप्तान श्रेयस अय्यर ने 18 गेंदों पर 27 और रिंकू सिंह ने 14 गेंदों पर 25 रन की पारी खेली थी।

वैभव सूर्यवंशी बने प्लेयर ऑफ द सीरीज

भारतीय टीम की जीत में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की अहम भूमिका रही। टूर्नामेंट में उन्होंने सर्वाधिक रन बनाते हुए प्लेयर ऑफ द सीरीज का खिताब जीता। वैभव ने कहा है कि प्लेयर ऑफ द सीरीज जीतना उनके लिए सपने सच होने जैसा है। सूर्यवंशी ने कहा, "यह सपना सच होने जैसा पल है। अपना पहला मैन ऑफ द मैच और मैन ऑफ द सीरीज अवॉर्ड पाकर मैं बहुत खुश हूं।"

वैभव ने कहा, "हरारे पहुंचने के बाद दो या तीन दिनों तक हमारी तैयारी बहुत अच्छी रही। मैंने यहां अंडर-19 वर्ल्ड कप भी खेला था, इसलिए मुझे इस जगह पर खेलने में बहुत मजा आता है। सभी ने मेरा साथ दिया कप्तान, कोच, सभी इसलिए मैं बहुत खुश हूं।"

-एजेंसी इनपुट के साथ

भीषण चक्रवात ‘मुरासु’ ने आंध्र प्रदेश के तट को पार किया, अलर्ट मोड पर मौसम विभाग और प्रशासन

चक्रवात मुरासु का आंध्र प्रदेश से ओडिशा तक असर, 18 उड़ानें रद्द, कई जिलों में भारी बारिश और बाढ़ का खतरा

औरंगजेब का पतन: दिल्ली का तख्त और 5 लाख की फौज... फिर क्यों महाराष्ट्र की मिट्टी बन गई मुगल सल्तनत की कब्रगाह?

दिवाली-छठ पर रेलवे का तोहफा, मुंबई-पुणे-नागपुर समेत कई शहरों के लिए चलेंगी स्पेशल ट्रेनें

IndiGo से भरिए विदेश की उड़ान; 2028 से अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू करने की तैयारी, CEO विली का बड़ा ऐलान