India vs England Cardiff ODI Record: भारत और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला गुरुवार, 16 जुलाई को कार्डिफ के सोफिया गार्डन्स में खेला जाएगा। शुभमन गिल की कप्तानी में टीम इंडिया इस मैच को जीतकर सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल करने के इरादे से उतरेगी। भारतीय टीम का इस मैदान पर रिकॉर्ड बेहद शानदार रहा है।
सोफिया गार्डन्स में भारत ने अब तक चार वनडे मैच खेले हैं, जिनमें से तीन में जीत और सिर्फ एक में हार मिली है। खास बात ये है कि टीम इंडिया ने इस मैदान पर आखिरी हार साल 2011 में इंग्लैंड के खिलाफ डकवर्थ-लुईस नियम के तहत झेली थी। इसके बाद भारत ने यहां लगातार तीन मुकाबले जीते हैं।
कार्डिफ में भारत ने 2013 में श्रीलंका और दक्षिण अफ्रीका को हराया था, जबकि 2014 में इंग्लैंड को 133 रनों के बड़े अंतर से मात दी थी। हालांकि, भारतीय टीम ने इस मैदान पर अपना आखिरी वनडे 2014 में खेला था। यानी करीब 12 साल बाद टीम इंडिया एक बार फिर सोफिया गार्डन्स में मैदान पर उतरेगी।
सीरीज के पहले वनडे में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इंग्लैंड को छह विकेट से हराया था। गेंदबाजी में अक्षर पटेल, प्रसिद्ध कृष्णा और गुरनूर बरार की शानदार गेंदबाजी की बदौलत इंग्लैंड की टीम 258 रन पर सिमट गई।
लक्ष्य का पीछा करते हुए कप्तान शुभमन गिल ने 75 गेंदों में 80 रन की बेहतरीन पारी खेली। उनके अलावा वॉशिंगटन सुंदर ने नॅाटआउट 52 और अक्षर पटेल 57 की शानदार अर्धशतक जड़ते हुए भारत को आसान जीत दिलाई। श्रेयस अय्यर ने भी 35 रन का योगदान दिया, हालांकि रोहित शर्मा 11 रन और विराट कोहली 5 रन से बड़ी पारी नहीं खेल सके।
यह भी पढ़ें- कार्डिफ में विराट का रिकॉर्ड मिशन, एक पारी में टूट सकते हैं 4 बड़े रिकॉर्ड; राहुल द्रविड़ को भी छोड़ेंगे पीछे
दूसरी ओर, पहले वनडे में इंग्लैंड का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। बल्लेबाजी में सिर्फ जो रूट ने नॅाटआउट 76 और लियाम डॉसन 68 की पारी खेली थी। जैकब बेथेल, हैरी ब्रूक, जोस बटलर और विल जैक्स जैसे बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। वहीं, गेंदबाज भी भारतीय बल्लेबाजों पर दबाव बनाने में सफल नहीं हो सके।
अब कार्डिफ में होने वाले दूसरे वनडे में भारत अपनी जीत की लय बरकरार रखते हुए सीरीज अपने नाम करना चाहेगा, जबकि इंग्लैंड के सामने वापसी कर सीरीज में बराबरी हासिल करने की चुनौती होगी।