Highlights:
आर्यवीर सहवाग का 160 रनों का धमाकेदार शतक
भारत Under-19 ने बनाए 50 ओवर में 309 रन
वीके विनीत का 67 रनों का शानदार योगदान
नसीम खान ने झटके भारत के 4 महत्वपूर्ण विकेट
यूएई U19 को मिला जीत के लिए 310 का लक्ष्य
IND U19 vs UAE U19 Score: भारत और यूनाइटेड अरब अमीरात के बीच ACC Men's अंडर 19 एशिया कप के 11 में मैच में भारतीय टीम की ओर से सलामी बल्लेबाजी कर रहे वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग ने धुआंधार पारी खेली है। उन्होंने 168 गेंदों में 7 छक्के और 17 चौके लगाते हुए 160 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसके दम पर भारतीय टीम ने यूएई को 310 रनों का विशाल लक्ष्य दिया है।
यूएई के खिलाफ खेले जा रहे मुकाबले में भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए शानदार प्रदर्शन किया। भारतीय टीम ने निर्धारित 50 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 309 रनों का मजबूत स्कोर बनाया। भारत की इस पारी में शीर्ष और मध्यक्रम के बल्लेबाजों ने बेहतरीन खेल दिखाया और यूएई के गेंदबाजों के सामने एक विशाल चुनौती पेश की।
भारतीय पारी के असली हीरो रहे आर्यवीर सहवाग, जिन्होंने मैदान पर चौके-छक्कों की बरसात करते हुए जबरदस्त शतक जमाया। आर्यवीर ने 168 गेंदों का सामना करते हुए 95.24 की स्ट्राइक रेट से 160 रनों की यादगार पारी खेली।
अपनी इस बेहतरीन शतकीय पारी में उन्होंने 17 शानदार चौके और 7 गगनचुंबी छक्के जड़े। उनकी इस विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर ही भारतीय टीम 300 के आंकड़े को पार करने में सफल रही।
आर्यवीर सहवाग का मध्यक्रम में वीके विनीत ने बखूबी साथ निभाया। वीके विनीत ने संभलकर बल्लेबाजी करते हुए 69 गेंदों में 67 रनों की उपयोगी अर्धशतकीय पारी खेली, जिसमें 3 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। इसके अलावा कप्तान लक्ष्य राजेश रायचंदानी ने 17 रन और यशवर्धन चौहान ने 10 गेंदों में 17 रनों का योगदान दिया। वहीं अन्वय द्रविड़ ने 12 रन और मोहित उल्वा ने नाबाद 7 रन बनाए।
यूएई Under-19 की ओर से गेंदबाजी में नसीम खान सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 4 भारतीय बल्लेबाजों को पवेलियन का रास्ता दिखाया। उनके अलावा नूरुल्लाह अयूबी, हदायातुल्लाह खान और अयान मिस्बाह को 1-1 सफलता मिली। भारत ने अतिरिक्त रनों के रूप में 22 रन हासिल किए। अब यूएई U19 टीम को यह मुकाबला जीतने के लिए 50 ओवर में 310 रनों की जरूरत है।