Latest ICC Men's Player Rankings: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने टी-20 और वनडे की ताजा रैंकिंग जारी कर दी है, जिसमें भारतीय खिलाड़ियों को फायदा और नुकसान दोनों पहुंचा है। टी-20 फार्मेट में ईशान किशन नबंर-1 बल्लेबाज बन गए है। टॉप 10 बल्लेबाजों में अब चार भारतीय हैं।
ईशान किशन (902 अंक) पहले स्थान पर काबिज हैं। अभिषेक शर्मा दूसरे जबकि तिलक वर्मा (719 अंक) दसवें पायदान पर मौजूद हैं। वहीं भारतीय टी20 टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर ने जबरदस्त छलांग लगाई है। अय्यर 786 अंको के साथ सातवें स्थान पर आ गए हैं।
श्रेयस अय्यर की टी20 बल्लेबाजों की लिस्ट में 18 स्थान चढ़कर सातवें नंबर पर पहुंच गए हैं, जो उनके करियर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग है। उनके खाते में फिलहाल 786 रेटिंग अंक हैं। बता दें कि, 31 वर्षीय अय्यर ने T20I में पहली बार टॉप 10 रैंकिंग में एंट्री की है। उन्होंने मंगलवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टी20 में तूफानी शतक जमाया था।जसप्रीत बुमराह लंबे समय बाद टॉप-10 में जगह बनाने में कामयाब रहे हैं।
वेस्टइंडीज के बल्लेबाज शेरफेन रदरफोर्ड लखनऊ में फिफ्टी जड़ने के बाद 10 पायदान चढ़कर 37वें नंबर पर पहुंचने गए हैं। वहीं, T20I बॉलर्स की रैंकिंग में टॉप पर बड़ा बदलाव हुआ है। पाकिस्तान के स्पिनर अबरार अहमद से नंबर-1 टी20 गेंदबाज का ताज छिन गया है। उनकी जगह अफगानिस्तान के स्पिनर राशिद खान टॉप पर पहुंच गए हैं। टॉप 10 बॉलर्स में तीन नई एंट्री हुई हैं। भारत के स्पिनर अक्षर पटेल 16 स्थान ऊपर सातवें नंबर पर आ गए। वहीं जसप्रीत बुमराह लंबे समय बाद टॉप-10 में जगह बनाने में कामयाब रहे। बुमराह 649 अंकों के साथ 10वें नंबर पर हैं।
भारतीय टीम के अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली को वनडे फार्मेट में बल्लेबाजों की सूची में एक स्थान का नुकसान उठाना पड़ा है। वह तीसरे स्थान पर खिसक गए हैं। उनके 15 रेटिंग अंक घट गए हैं। न्यूजीलैंड के डेरिल मिचेल दूसरे पर आ गए है। कोहली ने वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज के पहले मैच में शतक मारा था, लेकिन दूसरे मुकाबले में 29 रन बनाए और तीसरे में शून्य पर लौटे।
वनडे टीम के कप्तान शुभमन गिल 841 अंकों के साथ नंबर-1 वनडे बल्लेबाज हैं। उन्होंने वेस्टइंडीज सीरीज में एक दोहरा शतक और एक सेंचुरी लगाई। वह तीसरे मैच में सिर्फ एक रन बना पाए। गिल को 25 अंकों का लाभ मिला है। रोहित शर्मा (770) अंको के साथ चौथे नंबर पर हैं। उन्हें 17 अंकों का फायदा हुआ है। रोहित ने दूसरे वनडे में शतक ठोका था।
भारत के विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल वनडे बल्लेबाजों की अपडेटेड लिस्ट में टॉप 10 में शामिल हो गए हैं। वह तीसरे वनडे में सेंचुरी लगाकर सात पायदान ऊपर चढ़े और संयुक्त रूप से 10वें स्थान पर आ गए। उनके 653 अंक हैं।