ICC Action Against England Cricket Team: न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में मिली बड़ी हार के बाद इंग्लैंड की मुश्किलें और बढ़ती हुई दिख रही हैं। दरअशल, इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने इंग्लिश टीम पर एक्शन लिया है। आईसीसी की तरफ से ये एक्शन स्लो ओवर रेट के लिए लिया गया है। जिसके बाद इंग्लिश टीम पर कड़ी कार्रवाई करते हुए वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) में उसके 12 अंक काट दिए हैं। इसके अलावा इंग्लैंड के खिलाड़ियों की मैच फीस का 50 प्रतिशत हिस्सा भी जुर्माने के तौर पर काटा जाएगा।
लंदन के ओवल मैदान पर खेले गए मुकाबले में इंग्लैंड निर्धारित समय के भीतर अपने ओवर पूरे नहीं कर सका। मैच रेफरी एंडी पाइक्रॉफ्ट ने उपलब्ध समय और सभी छूटों की समीक्षा के बाद पाया कि टीम 12 ओवर पीछे रही। ICC के नियमों के तहत इतनी बड़ी देरी पर कड़ी सजा का प्रावधान है, जिसका खामियाजा इंग्लैंड को भुगतना पड़ा।
विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के नियम साफ कहते हैं कि एक ओवर कम होने पर टीम का एक अंक काटा जाता है। इसी नियम के तहत इंग्लैंड के खाते से सीधे 12 अंक घटा दिए गए। WTC के मौजूदा चक्र में हर अंक की अहमियत को देखते हुए यह फैसला इंग्लैंड की फाइनल में पहुंचने की राह को काफी मुश्किल बना सकता है।
ICC की आचार संहिता के अनुसार प्रत्येक कम ओवर के लिए खिलाड़ियों की मैच फीस का 5 प्रतिशत जुर्माना लगाया जाता है। हालांकि इसकी अधिकतम सीमा 50 प्रतिशत तय है। इंग्लैंड 12 ओवर पीछे रहा, इसलिए टीम पर अधिकतम 50 प्रतिशत मैच फीस का जुर्माना लगाया गया, जिससे खिलाड़ियों को भी बड़ा आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा।
कार्यवाहक कप्तान जो रूट ने स्लो ओवर रेट के आरोप को बिना किसी आपत्ति के स्वीकार कर लिया। उन्होंने प्रस्तावित सजा भी मान ली, जिसके कारण इस मामले में औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी। मैदान पर मौजूद अंपायरों की रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की गई।
ये भी पढ़ें: हरमनप्रीत कौर ने रचा इतिहास, 200 T20I मैच खेलने वाली दुनिया की पहली क्रिकेटर बनीं; बना वर्ल्ड रिकॉर्ड
एक ओर जहां ICC की कार्रवाई ने इंग्लैंड को झटका दिया, वहीं निर्णायक तीसरे टेस्ट से पहले टीम को राहत भी मिली है। नियमित कप्तान बेन स्टोक्स की वापसी हो गई है। लॉर्ड्स टेस्ट के बाद नाइट क्लब विवाद के चलते वह दूसरे मैच से बाहर थे। तेज गेंदबाज गस एटकिंसन भी टीम में लौट आए हैं। जांच पूरी होने के बाद इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने दोनों खिलाड़ियों को फिर से खेलने की अनुमति दे दी है, जिससे तीसरे टेस्ट से पहले इंग्लिश टीम को मजबूती मिलने की उम्मीद है।