Pakistan Scored Set England Target Of 130 Runs: इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच सीरीज का तीसरा टेस्ट एजबेस्टन में खेला जा रहा है। पाकिस्तान की टीम दूसरी पारी में 449 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। इसके साथ ही इंग्लैंड को मैच जीतने और सीरीज 3-0 से क्लीन स्वीप करने के लिए 130 रन का लक्ष्य मिला है।
इस टेस्ट सीरीज में पहली बार पाकिस्तान के बल्लेबाज दूसरी पारी में मजबूत नजर आए। सैम अयूब और अब्दुल्ला शफीक बिना खाता खोले आउट हो गए। इसके बाद अजान अवैस और शान मसूद ने पारी को संभाला और तीसरे विकेट के लिए 125 रन की साझेदारी की।
अजान अवैस ने 59 रन बनाए। उनके आउट होने के बाद शान मसूद ने बाबर आजम के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 89 रन जोड़े। शान मसूद अपने शतक से सिर्फ 5 रन दूर रह गए और 95 रन बनाकर आउट हुए। बाबर आजम ने 103 गेंदों पर 76 रन की पारी खेली, लेकिन जोश टंग ने उन्हें पवेलियन भेज दिया।
सऊद शकील ने 29 रन, गाजी गोरी ने 16 रन और मोहम्मद इमरान रंधावा ने 4 रन बनाए।इसके बाद रजाउल्लाह और मोहम्मद अब्बास ने पाकिस्तान की पारी को तेजी दी। दोनों ने 123 गेंदों पर 121 रन की साझेदारी की। अपने डेब्यू टेस्ट में रजाउल्लाह ने 63 गेंदों पर 81 रन बनाए। उनकी पारी में 4 चौके और 9 छक्के शामिल रहे।
मोहम्मद अब्बास ने 67 गेंदों पर 42 रन बनाए, जबकि मोहम्मद अली 4 रन बनाकर आउट हुए। पाकिस्तान की पूरी टीम 449 रन पर सिमट गई। इंग्लैंड की ओर से गस एटकिंसन ने 3 विकेट लिए। ओली रॉबिन्सन, जोश टंग और डेन लॉरेंस को 2-2 विकेट मिले। इससे पहले पाकिस्तान की टीम पहली पारी में सिर्फ 133 रन पर ऑलआउट हो गई थी।
इसके जवाब में इंग्लैंड ने 453 रन बनाए और पहली पारी के आधार पर 320 रन की बड़ी बढ़त हासिल की थी। इंग्लैंड टीम पहले ही सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना चुका है। अब चौथे दिन उसके सामने 130 रन का लक्ष्य है। जीत के साथ इंग्लैंड तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में पाकिस्तान का 3-0 से क्लीन स्वीप कर देगा।