Team India's victory celebrated in Dubai: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत की ऐतिहासिक जीत का जश्न सिर्फ देश में ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी जोर-शोर से मनाया गया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर तीसरी बार टी20 विश्व कप का खिताब अपने नाम किया। इस शानदार जीत के बाद पूरे भारत में जश्न का माहौल बन गया। भारतीय फैंस सड़कों पर उतर आए और अपनी खुशी का इजहार करते नजर आए। इसी तरह दुबई में रहने वाले भारतीयों ने भी टीम इंडिया की जीत का जमकर जश्न मनाया, जिसके कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
दुबई में भारतीय फैंस का यह जश्न इसलिए भी खास माना जा रहा है, क्योंकि हाल के दिनों में अमेरिका और इज़राइल के ईरान के साथ चल रहे युद्ध की वजह से वहां तनाव का माहौल बना हुआ है। खबरों के मुताबिक दुबई में कुछ जगहों पर धमाकों की आवाजें भी सुनी गईं और एयरपोर्ट के आसपास हमले की आशंका से लोग सतर्क थे। इसके बावजूद भारतीय फैंस टीम इंडिया की ऐतिहासिक जीत का जश्न मनाने से खुद को रोक नहीं पाए। धमाकों और तनाव के माहौल के बीच भी भारतीय समर्थक खुशी से झूमते और नाचते हुए नजर आए।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में दुबई में मौजूद भारतीय फैंस न्यूजीलैंड पर भारत की बड़ी जीत का जश्न मनाते दिखाई दे रहे हैं। एक वीडियो में भारतीय समर्थक ढोल-नगाड़ों और नाच-गाने के साथ खुशी जाहिर कर रहे हैं। वहीं एक अन्य वीडियो में दुबई में रहने वाला एक भारतीय कपल उस समय खुशी से उछल पड़ता है, जब तिलक वर्मा एक अहम कैच पकड़ते हैं। वीडियो में लिखा गया कि टीम इंडिया का शुक्रिया, जिसने हमें खुशी और जश्न मनाने का यह खास मौका दिया।
ये भी पढें: T20 World Cup जीत के बाद अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने टीम इंडिया को दी बधाई, कह यह बड़ी बात
फाइनल मुकाबले में भारत का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने भी बेहतरीन प्रदर्शन किया और न्यूजीलैंड की पूरी टीम को 19 ओवर में 159 रन पर समेट दिया। इस तरह भारत ने 96 रन से जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया और लगातार दूसरी बार टी20 विश्व कप जीतने वाली दुनिया की पहली टीम बन गई।