स्पोर्ट्स डेस्क: चैंपियंस ट्रॉफी के शुरू होने में अब केवल दो दिन का समय बचा है, लेकिन इस टूर्नामेंट से पहले मेजबान पाकिस्तान ने एक ऐसी हरकत कर दी है कि जिस पर जमकर बवाल हो रहा है। पाकिस्तान ने भारत के तिरंगे का अपमान करते हुए तमाम देशों के झंडे कराची के नेशनल स्टेडियम में लगाए, लेकिन भारत का नहीं लगाया, जिस पर अब पाकिस्तान के तरफ से सफाई पेश की गई है।
दरअसल, भारतीय ध्वज तिरंगे की गैरमौजूदगी से हर एक भारतीय का खून खौल उठा, जिसके बाद पाकिस्तान की जमकर आलोचना भी हुई, लेकिन अब पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की तरफ से सफाई में कहा गया है कि पाकिस्तान में उन्हीं देशों के झंडे लगे हैं, जिनके मुकाबले पाकिस्तान में होने वाले हैं। भारत के सभी मुकाबले दुबई में है, इसलिए तिरंगा यहां नहीं लगाया गया।
पीसीबी सूत्रों ने मीडिया को बताया कि भारत अपने सभी मैच दुबई में खेलेगा, इसलिए उसका झंडा नहीं फहराया गया है। इसी तरह बांग्लादेश की टीम भी अपना पहला मैच दुबई में खेलेगी, इसलिए उसका झंडा भी नहीं फहराया गया है। हालांकि ये सफाई लोगों को केवल एक बहाना लग रहा है, ताकि पाकिस्तान की जग हंसाई ना हो।
इतना ही नहीं पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने इस विवाद को सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही फर्जी खबर बताया है, साथ ही उनका मानना है कि कुछ लोग जानबूझकर पाकिस्तान की छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। पीसीबी ने यह भी कहा कि चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान भारत समेत सभी खेलने वाले देशों के पोस्टर पाकिस्तानी शहरों की मुख्य सड़कों और राष्ट्रीय राजमार्गों पर लगाए गए हैं।
जानकारी के लिए बता दें कि चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन आठ साल के बाद हो रहा है। पाकिस्तान इसका डिफेंडिंग चैंपियन है। 2017 में हुए पिछले टूर्नामेंट में पाकिस्तान ने फाइनल में भारत को हराया था। ऐसे में इस बार भारत के पास पाकिस्तान से हार का बदला लेने का पूरा मौका है।