दृष्टिबाधित एशिया कप-2026 फाइनल में बिना गेंद फेंके पाकिस्तान को विजेता बनाने पर विवाद।
वायरल वीडियो में अंपायर पाकिस्तान संग जश्न मनाते और भारत को चिढ़ाते दिखे।
भारतीय दृष्टिबाधित संघ (CABI) ने अंपायर की निष्पक्षता पर कड़ा ऐतराज जताया।
Blind Asia Cup 2026 Final Controversy: पुरुष दृष्टिबाधित एशिया कप-2026 के फाइनल मुकाबले को लेकर शुरू हुआ विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। बिना कोई गेंद फेंके पाकिस्तान को विजेता घोषित किए जाने के बाद अब इस मैच के अंपायर के व्यवहार पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है, जिसमें फाइनल मैच के अंपायर पाकिस्तानी खिलाड़ियों के साथ जीत का जश्न मनाते और भारतीय टीम को चिढ़ाते हुए नजर आ रहे हैं। इस घटना के बाद भारतीय दृष्टिबाधित संघ (CABI) ने अंपायर की निष्पक्षता पर कड़ा ऐतराज जताया है।
सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि पाकिस्तानी अंपायर जीत के जश्न के दौरान पाकिस्तानी खिलाड़ियों के साथ शामिल हैं। इस दौरान वह हाथों से 'प्लेन क्रैश' यानी विमान दुर्घटना जैसा इशारा करते दिखाई दे रहे हैं, जिसे 'ऑपरेशन सिंदूर' से जोड़कर देखा जा रहा है। इस वीडियो के वायरल होने के बाद दोनों देशों के क्रिकेट प्रशंसकों और टीमों के बीच तनाव और बढ़ गया है।
आपको बता दें कि अंपायर के इस रवैये पर भारतीय दृष्टिबाधित संघ (CABI) ने आधिकारिक बयान जारी कर अपनी नाराजगी जाहिर की है। संघ ने कहा कि मैच अधिकारियों से हर हाल में निष्पक्ष रहने की उम्मीद की जाती है।
CABI ने अपने बयान में कहा कि यह पाकिस्तानी अंपायर दृष्टिबाधित एशिया कप-2026 के फाइनल में मैच अधिकारी की भूमिका में थे। इसके बावजूद उन्हें एक टीम की जीत का जश्न मनाते हुए देखा गया। अंपायरिंग के बुनियादी नियमों के तहत, किसी भी अंपायर को पूरी तरह निष्पक्ष रहना चाहिए और किसी भी टीम के पक्ष में झुकाव नहीं दिखाना चाहिए।
दरअसल, ढाका में खेला जाने वाला यह फाइनल मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया था और मैदान पर एक भी गेंद नहीं फेंकी जा सकी थी। मैच के लिए कोई 'रिजर्व डे' यानी अतिरिक्त दिन भी नहीं रखा गया था। ऐसे में आयोजकों ने बेहतर रन रेट के आधार पर पाकिस्तान को टूर्नामेंट का विजेता घोषित कर दिया।
भारत ने इस फैसले का विरोध करते हुए कहा था कि जब मैच हुआ ही नहीं, तो नियमों के मुताबिक दोनों टीमों को संयुक्त विजेता घोषित किया जाना चाहिए। इसी नाराजगी के चलते भारतीय टीम ने मैच के बाद होने वाली प्रेजेंटेशन सेरेमनी यानी पुरस्कार वितरण समारोह का भी बहिष्कार किया था।
इस पूरे मामले ने तब और तूल पकड़ लिया जब विश्व दृष्टिबाधित क्रिकेट परिषद (WBCC) और पाकिस्तान दृष्टिबाधित क्रिकेट परिषद के प्रमुख सुल्तान शाह ने अपनी ही टेक्निकल कमेटी की सिफारिशों को मानने से इनकार कर दिया।
बताया जा रहा है कि कमेटी ने भारत और पाकिस्तान को संयुक्त विजेता बनाने का सुझाव दिया था, लेकिन सुल्तान शाह ने इसे दरकिनार कर पाकिस्तान को एकतरफा विजेता घोषित कर दिया।