Shubman And Shreyas Arrive At BCCI Headquarters: भारतीय क्रिकेट टीम के भविष्य को लेकर गुरुवार को मुंबई में बीसीसीआई मुख्यालय में अहम समीक्षा बैठक हुई। बैठक में भारतीय T20 कप्तान श्रेयस अय्यर, टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल, मुख्य कोच गौतम गंभीर और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण पहुंचे।
इनके साथ बीसीसीआई अध्यक्ष मिथुन मन्हास, सचिव देवजीत सैकिया, कोषाध्यक्ष प्रभतेज सिंह भाटिया और अंतरिम मुख्य कार्यकारी अधिकारी हेमांग अमीन भी बैठक में शामिल हुए।
ये समीक्षा बैठक पहले जुलाई में होनी थी। इसमें इंग्लैंड और आयरलैंड के खिलाफ T20 सीरीज में मिली हार और इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज की हार की समीक्षा होनी थी। हालांकि, जिम्बाब्वे के खिलाफ T20 सीरीज और श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के कारण बैठक टल गई थी।
जिम्बाब्वे में भारत ने T20 सीरीज 3-0 से जीती, जबकि श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में भारत ने 1-0 से जीत दर्ज की। बैठक में सीनियर टीम के हालिया प्रदर्शन, उससे मिली सीख और उन क्षेत्रों पर चर्चा होगी जहां टीम को सुधार की जरूरत है।
बैठक में हार्दिक पांड्या की फिटनेस पर भी खास चर्चा होने की उम्मीद है। पांड्या को हाल ही में पिंडली में चोट लगी थी और इसी वजह से वो अफगानिस्तान के खिलाफ आगामी T20 सीरीज के लिए टीम में जगह नहीं बना सके।
पांड्या को 2027 वनडे विश्व कप की योजनाओं में अहम खिलाड़ी माना जा रहा है। लेकिन बार-बार होने वाली चोटों ने उनके भविष्य और 50 ओवर के क्रिकेट में तेज गेंदबाजी करने वाले ऑलराउंडर के रूप में उनकी उपयोगिता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
13 से 17 सितंबर के बीच नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की T20 सीरीज के लिए भी भारतीय टीम में फिटनेस को लेकर चिंता बनी हुई है। जसप्रीत बुमराह, वॉशिंगटन सुंदर, नितीश कुमार रेड्डी और हर्षित राणा को फिलहाल टीम में चुना गया है, लेकिन इन सभी का खेलना फिटनेस मंजूरी पर निर्भर करेगा।
बैठक में भारतीय टीम के आने वाले बड़े मुकाबलों की योजना पर भी चर्चा होगी। इसमें न्यूजीलैंड का बहु-प्रारूप दौरा, घरेलू मैदान पर बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी और सबसे अहम 2027 वनडे विश्व कप शामिल है।
टीम मैनेजमेंट और चयनकर्ताओं के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती यही है कि खिलाड़ियों की फिटनेस को बेहतर तरीके से संभालते हुए 2027 विश्व कप के लिए मजबूत और संतुलित टीम तैयार की जाए।