Babar Azam Statement After 1 Drawing Test Series: पाकिस्तान ने वेस्टइंडीज को दूसरे टेस्ट मैच में 8 विकेट से हराकर दो मैचों की टेस्ट सीरीज 1-1 से बराबर कर ली। इस जीत के बाद पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम काफी खुश नजर आए और उन्होंने टीम की जमकर तारीफ की। हालांकि पाकिस्तान पहला टेस्ट हार गया था, इसलिए टीम सीरीज जीतने में सफल नहीं हो सकी।
मैच के बाद बाबर आजम ने कहा कि जीत हमेशा खास होती है और कप्तान होने के नाते उन्हें ये जीत और भी ज्यादा खुशी देती है। उन्होंने कहा कि टीम ने जिस योजना के साथ मैदान में कदम रखा था, उसी पर अमल किया और उसका अच्छा नतीजा मिला।
बाबर ने पहली पारी में अब्दुल्ला शफीक की बल्लेबाजी की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने शानदार पारी खेली। शफीक ने पहली पारी में नाबाद 160 रन बनाए और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। बाबर ने ये भी कहा कि स्पिन गेंदबाजों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया और वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा।
पाकिस्तान के कप्तान ने दावा किया कि टीम पिछले तीन महीने से इस सीरीज की तैयारी कर रही थी और उसी मेहनत का नतीजा मैदान पर देखने को मिला। उन्होंने कहा कि पिच देखने के बाद ही समझ आ गया था कि ये पाकिस्तान जैसी स्पिन मददगार विकेट है, इसलिए उसी हिसाब से टीम का संयोजन तैयार किया गया।
बाबर आजम को इस सीरीज में शानदार प्रदर्शन के लिए 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' चुना गया। उन्होंने दोनों टेस्ट मैचों में दो अर्धशतक लगाए। मैच के दौरान उनकी उंगली में चोट भी लगी थी। इस पर बाबर ने कहा कि अभी थोड़ा दर्द है, लेकिन पहले से काफी बेहतर महसूस कर रहे हैं।
इस जीत के साथ पाकिस्तान ने विदेश में लगातार मिल रही हार का सिलसिला भी खत्म कर दिया। टीम ने विदेशी जमीन पर लगातार चार टेस्ट मैच गंवाए थे। इससे पहले पाकिस्तान ने जुलाई 2023 में श्रीलंका को उसी की सरजमीं पर टेस्ट मैच हराया था। इसके बाद अब जाकर उसे विदेश में जीत मिली है।
अगर पाकिस्तान और वेस्टइंडीज के टेस्ट इतिहास की बात करें तो दोनों टीमों के बीच अब तक 10 टेस्ट सीरीज खेली गई हैं। इनमें वेस्टइंडीज ने 4 सीरीज जीती हैं, जबकि पाकिस्तान सिर्फ एक सीरीज जीत पाया है। बाकी 5 टेस्ट सीरीज ड्रॉ पर खत्म हुई हैं।