अक्षर पटेल (फोटो-सोशल मीडिया) 
क्रिकेट

वो खिलाड़ी जो बनना चाहता था इंजीनियर लेकिन बन गया क्रिकेटर, भारतीय टीम को जितवा चुका है वर्ल्ड कप

Happy Birthday Axar Patel: भारतीय ऑलराउंडर अक्षर पटेल 20 जनवरी को 32 साल के हुए। उन्होंने तीनों फॉर्मेट में टीम इंडिया के लिए मैच विजयी प्रदर्शन किए और टी20 विश्व कप 2024 में अहम भूमिका निभाई।

उज्जवल सिन्हा

Axar Patel Birthday: भारतीय टीम के स्टार ऑलराउंडरों में से एक अक्षर पटेल आज 20 जनवरी को अपना 32वां जन्मदिन मना रहे हैं। अक्षर ने अपनी बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग के जरिए टीम के लिए कई बार मैच जिताए हैं। किसी भी फॉर्मेट में मौका मिलने पर उन्होंने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। हालांकि, अक्षर बचपन में क्रिकेटर बनने का सपना नहीं देखते थे, लेकिन किस्मत ने उन्हें देश के सबसे भरोसेमंद ऑलराउंडरों में से एक बना दिया।

अक्षर पटेल का जन्म 20 जनवरी 1994 को आनंद, गुजरात में हुआ था। बचपन में वे पढ़ाई में तेज थे और इंजीनियर बनने का सपना देखते थे। क्रिकेट खेलते जरूर थे, लेकिन इसे करियर बनाने का इरादा नहीं था। 15 वर्ष की उम्र में उनके एक दोस्त ने उनकी क्रिकेट प्रतिभा को देखा और आगे बढ़ने का सुझाव दिया। इसके बाद अक्षर ने पूरी मेहनत से क्रिकेट को अपनाया।

2014 में भारतीय टीम के लिए किया डेब्यू

अक्षर ने स्थानीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन के बाद फरवरी 2012 में लिस्ट ए और नवंबर 2012 में प्रथम श्रेणी क्रिकेट में गुजरात के लिए पदार्पण किया। बाएं हाथ के स्पिनर और आक्रामक बल्लेबाज के रूप में उन्होंने घरेलू क्रिकेट में दो साल के बेहतरीन खेल के बाद जून 2014 में वनडे और जुलाई 2017 में टी20 अंतरराष्ट्रीय में डेब्यू किया। दोनों बार टीम इंडिया के कप्तान एमएस धोनी थे, जिन्होंने अक्षर को प्यार से ‘बापू’ नाम दिया।

टेस्ट डेब्यू में हुआ धमाकेदार प्रदर्शन

वनडे और टी20 की तुलना में टेस्ट टीम में जगह बनाने के लिए अक्षर को लंबा इंतजार करना पड़ा। फरवरी 2021 में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट डेब्यू पर उन्होंने 3 मैचों में 27 विकेट लेकर अपनी क्षमता साबित कर दी। अक्षर पटेल आज भारतीय टीम के तीनों फॉर्मेट के महत्वपूर्ण खिलाड़ी हैं। वर्कलोड मैनेजमेंट के तहत उन्हें कभी आराम दिया जाता है, लेकिन किसी भी बड़े टूर्नामेंट में बीसीसीआई उन्हें नजरअंदाज नहीं कर सकती।

टी20 वर्ल्ड कप 2024 में निभाई की महत्वपूर्ण भूमिका

टी20 विश्व कप 2024 में अक्षर ने भारत की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। फाइनल में संघर्ष कर रही टीम के लिए अक्षर ने विराट कोहली के साथ 72 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी निभाई। उन्होंने 31 गेंदों में 4 छक्कों की मदद से 47 रन बनाए, जो अंततः जीत की कुंजी साबित हुई। टी20 विश्व कप 2026 में भी अक्षर की भूमिका अहम रहने वाली है।

अक्षर पटेल का करियर

अक्षर को अब तक उनकी क्षमता के अनुसार अवसर नहीं मिले हैं, लेकिन उनके आंकड़े प्रभावित करते हैं। 15 टेस्ट में उन्होंने 4 अर्धशतक और 688 रन के साथ 57 विकेट लिए हैं। 71 वनडे में 49 पारियों में 3 अर्धशतक लगाकर 858 रन और 75 विकेट तथा 85 टी20 में 52 पारियों में 681 रन और 82 विकेट उनका रिकॉर्ड है। वो भारत के लिए एक प्रमुख स्तंभ बनकर उभर रहे हैं।

MLC Election Results LIVE: यूपी, बिहार, महाराष्ट्र समेत चार राज्यों में मतगणना, RJD का चुनाव आयोग को पत्र

रामलीला मैदान में रैली से पहले बीजेपी की 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा, केंद्रीय नेतृत्व होंगे शामिल

Bihar MLC Election Result: पटना में मतगणना केंद्र पर हंगामा, CCTV नहीं होने पर कांग्रेस-जन सुराज ने उठाए सवाल

खरगे की पीएम मोदी पर टिप्पणी से नाराज मायावती? कांग्रेस को दी नसीहत, बोलीं- जहरीली राजनीति देशहित में नहीं

रेलवे के नए नियम आज से लागू, काउंटर से टिकट लेने वालों को भी मिलेगा ₹10 लाख तक का बीमा; डिजिटल पेमेंट जरूरी