न्यूजीलैंड के खिलाफ आकाश दीप ने लिए पांच विकेट  सोर्स- सोशल मीडिया
क्रिकेट

न्यूजीलैंड की धरती पर आकाश दीप का धमाका, 'पंजा' खोलकर जहीर खान के खास क्लब में मारी एंट्री; भुवनेश्वर की...

SENA Countries Most Five Wicket Hauls India: आकाश दीप ने न्यूजीलैंड के खिलाफ क्राइस्टचर्च टेस्ट में 5 विकेट लेकर जहीर खान, ईशांत शर्मा और भुवनेश्वर कुमार के खास रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है।

राहुल उपाध्याय

Highlights:

  • आकाश दीप ने क्राइस्टचर्च टेस्ट की पहली पारी में न्यूजीलैंड के 5 विकेट लिए।

  • उनकी शानदार गेंदबाजी से कीवी टीम बड़ा स्कोर नहीं बना पाई।

  • इस प्रदर्शन से उन्होंने जहीर खान के खास क्लब में जगह बनाई।

  • उन्होंने भुवनेश्वर कुमार के एक बड़े रिकॉर्ड की भी बराबरी की।

IND vs NZ 2nd Test, Akash Deep Zaheer Khan Record: भारतीय तेज गेंदबाज आकाश दीप ने न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच की पहली पारी में अपनी गेंदबाजी से कहर बरपा दिया। क्राइस्टचर्च की पिच पर आकाश ने शानदार लय दिखाते हुए 5 विकेट झटके और कीवी टीम को बड़े स्कोर तक जाने से रोक दिया।

इस बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर आकाश ने पूर्व दिग्गज गेंदबाज जहीर खान के एक खास क्लब में अपनी जगह पक्की कर ली है, साथ ही उन्होंने भुवनेश्वर कुमार के एक बड़े रिकॉर्ड की भी बराबरी कर ली है।

कीवी बल्लेबाजों पर भारी पड़े आकाश दीप

मैच के दूसरे दिन शनिवार को न्यूजीलैंड की पहली पारी 356 रनों पर सिमट गई। कीवी टीम को इस स्कोर पर रोकने में आकाश दीप की सबसे अहम भूमिका रही। उन्होंने 31.3 ओवर की मैराथन गेंदबाजी की और 99 रन खर्च कर 5 बड़े विकेट अपने नाम किए। आकाश ने न्यूजीलैंड के कप्तान टॉम लैथम (59) को अपना पहला शिकार बनाया। इसके बाद उन्होंने खतरनाक बल्लेबाज रचिन रवींद्र को खाता तक नहीं खोलने दिया।

निचले क्रम में उन्होंने नाथन स्मिथ (26), काइल जैमीसन (19) और मैट हेनरी (19) को आउट कर कीवी पारी को समेट दिया। 29 साल के आकाश दीप के टेस्ट करियर का यह दूसरा फाइव-विकेट हॉल है। साल 2024 में अपना टेस्ट डेब्यू करने वाले आकाश फिलहाल भारत के लिए अपना 12वां टेस्ट मैच खेल रहे हैं। इससे पहले उन्होंने जुलाई 2025 में बर्मिंघम के मैदान पर इंग्लैंड के खिलाफ दूसरी पारी में 6 विकेट चटकाए थे।

जहीर खान और ईशांत शर्मा के खास क्लब में एंट्री

क्राइस्टचर्च में 5 विकेट लेते ही आकाश दीप न्यूजीलैंड की धरती पर टेस्ट क्रिकेट में 'पंजा' खोलने वाले भारत के सिर्फ पांचवें तेज गेंदबाज बन गए हैं। उनसे पहले भारतीय पेसर्स में केवल जहीर खान, ईशांत शर्मा, मदन लाल और जवागल श्रीनाथ ही न्यूजीलैंड में यह कारनामा कर पाए थे।

न्यूजीलैंड में टेस्ट में 5 विकेट लेने वाले भारतीय तेज गेंदबाज

  • 4 बार: जहीर खान

  • 3 बार: ईशांत शर्मा

  • 1 बार: मदन लाल

  • 1 बार: जवागल श्रीनाथ

  • 1 बार: आकाश दीप

SENA देशों में की भुवनेश्वर कुमार की बराबरी

इस प्रदर्शन के साथ ही आकाश दीप ने SENA देशों (साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) में टेस्ट क्रिकेट खेलते हुए दूसरी बार एक पारी में 5 विकेट लेने का कमाल किया है। वह इन चार देशों में दो या उससे ज्यादा बार फाइफर लेने वाले नौवें भारतीय गेंदबाज बन गए हैं।

इस मामले में उन्होंने भुवनेश्वर कुमार, लाला अमरनाथ और एस श्रीसंत जैसे दिग्गजों की बराबरी कर ली है। बता दें कि SENA देशों में भारत के लिए सबसे ज्यादा बार 5 विकेट लेने का रिकॉर्ड जसप्रीत बुमराह (11 बार) के नाम दर्ज है।

SENA देशों में भारत के लिए सबसे ज्यादा 5 विकेट लेने वाले गेंदबाज

  • 11 बार: जसप्रीत बुमराह

  • 7 बार: कपिल देव

  • 6 बार: बीएस चंद्रशेखर, जहीर खान

  • 5 बार: बिशन सिंह बेदी, अनिल कुंबले, ईएएस प्रसन्ना, ईशांत शर्मा

  • 4 बार: मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, जवागल श्रीनाथ

  • 3 बार: हरभजन सिंह, वेंकटेश प्रसाद

  • 2 बार: आकाश दीप, भुवनेश्वर कुमार, लाला अमरनाथ, मदन लाल, वीनू मांकड़, मोहम्मद निसार, सुरेंद्रनाथ

यहां पढ़ें आज की 10 बड़ी खबरें: 1000 करोड़ नेट पार कर 'रामायण' ने रचा इतिहास, 9 राज्यों में घने कोहरे का अलर्ट

Delimitation Bill: परिसीमन बिल का समर्थन करेगी NCP(SP), राहुल गांधी ने कहा- 'DMK हमारे साथ चले'

सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर आज जलेगा कार्तिगई दीपम, थिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर CRPF तैनात

Delimitation Bill पर Congress की रणनीति: INDIA ब्लॉक में मतभेद, घटता संख्या बल बनी चुनौती

Weather Update: दक्षिण भारत में भारी बारिश का अलर्ट, दिल्ली-UP समेत 9 राज्यों में घने कोहरे की चेतावनी