मुंबई: साउथ अफ्रीका के पूर्व धाकड़ बल्लेबाज एबी डिविलियर्स ने एक बार फिर से दिल जीतने वाला काम किया है। एबी डिविलियर्स अपने शानदार व्यक्तिव की वजह से हमेशा सुर्खियों में बने रहते हैं। इस बार उन्होंने व्हीलचेयर क्रिकेट टीम के साथ प्रैक्टिस करके ऐसा किया। मुंबई के मरीन लाइंस स्थित इस्लाम जिमखाना में एबी डिविलियर्स ने मुंबई व्हीलचेयर क्रिकेट टीम के साथ प्रैक्टिस सेशन में हिस्सा लिया।
साउथ अफ्रीका और आरसीबी के पूर्व खिलाड़ी एबी डिविलियर्स खुद व्हीलचेयर में बैठे, शानदार शॉट्स खेले और व्हीलचेयर पर दौड़कर रन भी बनाए। इस पल ने न सिर्फ खिलाड़ियों को बल्कि वहां मौजूद सभी दर्शकों को खुश कर दिया। कई फैन्स ने इस खास लम्हे को कैमरे में कैद किया और सोशल मीडिया पर शेयर किया।
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के लिए खेलने वाले डिविलियर्स ने हाल ही में ESPN Cricinfo पर बातचीत के दौरान अपने टीम के लिए अपना समर्थन जताया। उन्होंने कहा कि समय आ गया है। इस बार आरसीबी पूरी ताकत से कप जीतने जा रही है। मुझे विराट (कोहली) ने मना किया है कि मैं ‘ई साल कप नामदे’ ना कहूं, लेकिन मुझे पूरा यकीन है कि इस बार हमारा ही सीजन है। तैयार रहिए और सफर का मज़ा लीजिए।
डिविलियर्स ने विराट कोहली की तारीफ करते हुए कहा कि पंजाब के खिलाफ भले ही वो जल्दी आउट हो गए, लेकिन उनकी बॉडी लैंग्वेज से साफ था कि वो पूरी तरह फोकस में हैं। विराट आज रन नहीं बना सके, लेकिन वो आखिरी तक मैदान पर साथी खिलाड़ियों के साथ जश्न मना रहे थे। वो एक सच्चे टीम प्लेयर हैं और मैं यकीन के साथ कह सकता हूं कि फाइनल में वो बड़ी पारी खेलेंगे। पूर्व ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी की भविष्यवाणी, IPL 2025 में इस टीम को बताया खिताब का हकदार
आईपीएल 2025 का फाइनल मुकाबला 3 जून को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा, जिसमें RCB का सामना पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच 30 मई को होने वाले क्वालिफायर 2 की विजेता टीम से होगा। डिविलियर्स की यह दरियादिली और RCB के लिए उनका प्यार फैंस को एक बार फिर भावुक कर गया है। अब सबकी निगाहें 3 जून को होने वाले फाइनल मुकाबले पर टिकी है।