PT Usha Shows Confidence In Indian Athletes: भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पीटी उषा ने एशियन गेम्स 2026 से पहले भारतीय खिलाड़ियों पर भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि सरकार के मजबूत समर्थन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रोत्साहन से खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ा है।
मंगलवार को नई दिल्ली में जापान रवाना होने से पहले भारतीय दल के लिए विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान खिलाड़ी, कोच, सपोर्ट स्टाफ, अधिकारी और भारतीय दल से जुड़े अन्य लोग मौजूद रहे।
समारोह में पीटी उषा ने कहा कि अब भारतीय खिलाड़ियों को पहले की तुलना में ज्यादा सरकारी समर्थन मिल रहा है। उन्होंने भरोसा जताया कि भारतीय खिलाड़ी एशियन गेम्स में अच्छा प्रदर्शन करेंगे।
एशियन गेम्स 2026 का आयोजन 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक जापान के आइची-नागोया में होगा। भारत इस बार 2023 एशियन गेम्स के अपने रिकॉर्ड प्रदर्शन को और बेहतर करने के इरादे से उतरेगा।
2023 में भारत ने एशियन गेम्स में पहली बार 100 से ज्यादा पदक जीते थे। भारतीय दल ने कुल 107 पदक हासिल किए थे, जिसमें 28 स्वर्ण, 38 रजत और 41 कांस्य पदक शामिल थे। ये भारत का एशियाई खेलों के इतिहास में अब तक का सबसे सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन था, जहां देश ने 655 एथलीटों का अपना सबसे बड़ा दल भेजा था।
विदाई समारोह में केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री मनसुख मांडविया भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में ओलंपिक पदक विजेता स्वप्निल कुसाले, कॉमनवेल्थ गेम्स की स्वर्ण पदक विजेता अस्मिता डे, वेटलिफ्टर ज्ञानेश्वरी यादव और कबड्डी खिलाड़ी पवन सहरावत ने पैनल चर्चा में हिस्सा लिया।
भारतीय ओलंपिक संघ और युवा मामले एवं खेल मंत्रालय ने एशियन गेम्स से पहले भारतीय दल की तैयारियों में सहयोग किया है। अब भारतीय खिलाड़ियों की नजर जापान में अपने पिछले प्रदर्शन को आगे बढ़ाने और ज्यादा पदक जीतने पर होगी।