विधानसभा चुनाव 2027 फोटो सोर्स- नवभारत डिजाइन
नवभारत विशेष

नवभारत विशेष: मुफ्त सुविधाओं से नहीं, रोजगार और शिक्षा से प्रभावित होंगे युवा मतदाता?

India Assembly Elections: 2027 के विधानसभा चुनावों में युवा मतदाताओं की भूमिका अहम हो सकती है। मुफ्त सुविधाओं के साथ रोजगार, शिक्षा, महंगाई और सरकारी कामकाज भी उनके लिए बड़े मुद्दे बन रहे हैं।

अंकिता पटेल

Highlights:

  • सात राज्यों के चुनावों से पहले दल मुफ्त सुविधाओं के वादों से मतदाताओं को लुभा रहे हैं।

  • युवा मतदाता अब केवल मुफ्त योजनाओं नहीं, सरकार के कामकाज को भी परख रहे हैं।

  • रोजगार, शिक्षा और महंगाई युवाओं के अहम चुनावी मुद्दे हैं।

  • 2027 के चुनाव युवा मतदाताओं की बदलती सोच को सामने लाएंगे।

Youth Voters and Election Promises: उत्तर प्रदेश और पंजाब के आगामी विधानसभा चुनावों की आहट के साथ राजनीतिक दलों के वादों का पिटारा खुलने लगा है। आम आदमी पार्टी हो या समाजवादी पार्टी, मतदाताओं को लुभाने के लिए मुफ्त सुविधाओं और लोकलुभावन घोषणाओं की राजनीति एक बार फिर चर्चा के केंद्र में है। लेकिन क्या राजनीतिक दलों ने यह मान लिया है कि मुफ्त बिजली, नकद सहायता, भत्ते और दूसरी रियायतों का प्रलोभन देकर युवा मतदाताओं का वोट आसानी से हासिल किया जा सकता है? शायद अब ऐसा नहीं है।

नई पीढ़ी का मतदाता सोशल मीडिया के दौर में सरकारों के कामकाज, चुनावी वादों की हकीकत, बेरोजगारी, शिक्षा, महंगाई और रोजगार के अवसरों पर भी नजर रखता है। युवा मतदाताओं की बढ़ती भागीदारी, रोजगार की बेचैनी, डिजिटल दुनिया का प्रभाव और बदलती सामाजिक आकांक्षाएं। ये सब 2027 के शुरुआत में पांच राज्यों और साल के अंत तक दो अन्य राज्यों के विधानसभा चुनावों के विमर्श को नया आयाम दे सकती हैं। उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, गोवा, मणिपुर, गुजरात और हिमाचल प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव केवल सत्ता परिवर्तन अथवा राजनीतिक दलों की लोकप्रियता का आकलन नहीं होंगे बल्कि ये यह भी परखेंगे कि देश की नई मतदाता पीढ़ी राजनीति और लोकतांत्रिक व्यवस्था से क्या अपेक्षाएं रखती है।

जेन-जी मतदाता बनेंगे चुनावों की नई ताकत, रोजगार पर नजर

यह वह पीढ़ी है जिसने इंटरनेट, स्मार्टफोन, सोशल मीडिया, ऑनलाइन शिक्षा, डिजिटल अर्थव्यवस्था और वैश्विक प्रतिस्पर्धा के बीच आंखें खोली हैं। इसे जेन-जी कहा जाता है, जो कि सामान्यतः 1997 से 2012 के बीच जन्मे लोगों का समूह है। अगले साल यानी 2027 में इस पीढ़ी के 18 से 30 वर्ष के सदस्य मतदान के पात्र होंगे। निर्वाचन आयोग के 2024 के आंकड़ों के मुताबिक 18-29 वर्ष के मतदाता देश के कुल पंजीकृत मतदाताओं का 22.78 प्रतिशत हैं यानी यह केवल भविष्य की नहीं, वर्तमान की भी महत्वपूर्ण ताकत हैं।

उत्तर प्रदेश की नवंबर 2026 की प्रारंभिक मतदाता सूची में 18.84 लाख की वृद्धि दर्ज हुई, जिसमें 11.83 लाख मतदाता 18-19 वर्ष आयु वर्ग के हैं। युवा मतदाताओं के सामने रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता, सरकारी नौकरियों में रिक्तियां, पेपर लीक, कौशल विकास और उच्च शिक्षा की गुणवत्ता जैसे मुद्दे महत्वपूर्ण हैं। युवा मतदाता केवल नौकरी नहीं बल्कि सम्मानजनक रोजगार और आर्थिक गतिशीलता की अपेक्षा रखता है।

युवा मतदाताओं के लिए रोजगार और शिक्षा सबसे बड़े चुनावी मुद्दे

पंजाब में युवा पीढ़ी की चुनौतियों का स्वरूप अलग है। बेरोजगारी, नशे की समस्या, विदेशों में पढ़ाई और रोजगार के लिए पलायन तथा कृषि से बाहर निकलने के सीमित अवसर उसके भविष्य से जुड़े प्रश्न हैं। विदेश जाने की बढ़ती आकांक्षा के पीछे स्थानीय अर्थव्यवस्था में पर्याप्त अवसरों की उपलब्धता का सवाल भी छिपा है। उत्तराखंड में रोजगार के साथ पलायन, पर्यटन, स्थानीय उद्यमिता और पर्यावरणीय संकट जैसे मसले अहम हैं। गोवा में पर्यटन आधारित अर्थव्यवस्था, महंगे होते आवास, पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय युवाओं के लिए गुणवत्तापूर्ण रोजगार प्रमुख विषय हैं। मणिपुर में युवा मतदाताओं की प्राथमिकताओं का केंद्र सामाजिक शांति, सुरक्षा, पुनर्वास, शिक्षा और रोजगार रहेगा।

गुजरात में औद्योगिक विकास, स्टार्टअप, विनिर्माण, तकनीकी शिक्षा, रोजगार की गुणवत्ता और छोटे उद्यमों के अवसर महत्वपूर्ण होंगे। हिमाचल प्रदेश में पर्यटन, बागवानी, सरकारी रोजगार, पलायन और पर्यावरणीय आपदाओं से आजीविका की सुरक्षा युवा पीढ़ी के प्रमुख सरोकार हैं। कुल मिलाकर सभी प्रदेशों में रोजगार और शिक्षा सबसे बड़ी चुनावी कसौटी होगी। नई पीढ़ी जाति, धर्म, क्षेत्र और परिवार जैसी पारंपरिक सामाजिक पहचानों से पूरी तरह मुक्त नहीं है। उसके सामने रोजगार, शिक्षा, सामाजिक न्याय, सुरक्षा और आर्थिक अवसर जैसे नए प्रश्न भी हैं।

नए मतदाताओं पर कितना असर

समान राजनीतिक समूह मानने के बजाय उसकी विविधता को समझना भी आवश्यक है। फिर भी एक मतदाता पीढ़ी के रूप में इसका अलग से वास्तविक बदलाव तभी दिखाई देगा, जब युवा मतदाता बड़ी संख्या में मतदाता सूची में शामिल हों, मतदान में भाग लें और अपने मुद्दों को चुनावी विमर्श का हिस्सा बनाएं।

लेख- लोकमित्र गौतम के द्वारा

Delimitation Bill: क्या मोदी सरकार परिसीमन बिल पास करा पाएगी? जानें BJP का नया फॉर्मूला

तिरुपरंकुंद्रम दीपम विवाद में सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पीएम मोदी ने किया दिल से स्वागत, बोले- जय मुरुगन

उरी के भीषण सड़क हादसे में 4 लोगों की मौत, अकेली बची 11 साल की मासूम; वलीमा से घर लौट रहा था परिवार

दिल्ली में सुरक्षा एजेंसियों की बड़ी कार्रवाई, जैश-ए-मोहम्मद के संदिग्ध नेटवर्क पर पुलिस का शिकंजा

Delimitation Bill LIVE: परिसीमन बिल का समर्थन करेगी NCP(SP), राहुल गांधी ने कहा- 'DMK हमारे साथ चले'