एनवीडिया प्रमुख जेन्सेन हुआंग से जुड़ा कथित हनी ट्रैप मामला वैश्विक जासूसी के नए तरीकों पर सवाल उठाता है।
अब खुफिया एजेंसियों का निशाना तकनीकी कंपनियों के प्रमुख और विशेषज्ञ भी बन सकते हैं।
एआई, सेमीकंडक्टर और रक्षा तकनीक से जुड़े लोगों तक पहुंच बनाना जासूसी रणनीति का हिस्सा बन रहा है।
न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के बाद हुआंग के ई-मेल से यह मामला चर्चा में आया।
Global Corporate Espionage Threat: दुनिया की सबसे बड़ी तकनीकी कंपनियों में शुमार एन-वीडिया के मुखिया जेन्सेन हुआंग से जुड़ा कथित हनी ट्रैप प्रकरण एक बार फिर यह सवाल खड़ा करता है कि अब वैश्विक जासूसी की लड़ाई का मैदान केवल सैन्य प्रतिष्ठानों, सरकारी दफ्तरों और अनुसंधान प्रयोगशालाओं तक सीमित नहीं रह गया है? क्या किसी देश की तकनीकी और आर्थिक ताकत को कमजोर करने के लिए उसके सबसे प्रभावशाली कारोबारी व्यक्तियों के निजी जीवन तक पहुंच बनाना भी खुफिया रणनीति का हिस्सा बनता जा रहा है? आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सेमीकंडक्टर, क्वांटम कंप्यूटिंग, रक्षा तकनीक और डाटा किसी भी देश की आर्थिक तथा सामरिक शक्ति के निर्णायक संसाधन बन गए हैं।
ऐसे में इन क्षेत्रों से जुड़े वैज्ञानिकों, कंपनी प्रमुखों, तकनीकी विशेषज्ञों और राजनयिकों तक पहुंच बनाना खुफिया एजेंसियों के लिए पहले से कहीं अधिक महत्वपूर्ण हो गया है। 29 अक्टूबर को न्यूयॉर्क टाइम्स की एक खोजी रिपोर्ट से इस मामले का खुलासा हुआ लेकिन पूरी दुनिया में जंगल की आग की तरह यह 8 नवंबर को तब फैला, जब कंपनी के सीईओ जेन्सेन हुआंग ने कंपनी के कर्मचारियों को ई-मेल लिखकर अपनी पत्नी के साथ बेवफाई और विवाहेत्तर संबंध की बात स्वीकारी।
अमेरिकी मीडिया रिपोर्टी के मुताबिक, कंपनी के सीईओ जेन्सेन हुआंग के एक महिला कारोबारी एलिस हुआंग के साथ निजी संबंधों के चलते अमेरिका के एआई को लेकर जो फ्यूचर प्लान है, उसकी जासूसी हो गई। आशंकित चीनी जासूस एलिस हुआंग पूर्व में सिंगापुर की चिप कंपनी मेगास्पीड से जुड़ी रही हैं। उन्हें चीन की खुफिया एजेंसी से संबंधित देखा गया है। मेगास्पीड पर अमेरिकी निर्यात प्रतिबंधों के बावजूद चीन तक प्रतिबंधित एन-वीडिया एआई चिप्स पहुंचाने में संभावित भूमिका की जांच हो रही है। एन-वीडिया के बोर्ड ने स्वतंत्र
जांच शुरू की है और एफबीआई भी मामले को देख रही है। हुआंग ने अपने निजी संबंध को स्वीकार करते हुए अपने परिवार और कंपनी के कर्मचारियों से माफी मांगी है। हालांकि कंपनी ने कहा है कि उसके पास फिलहाल ऐसा मानने का कोई कारण नहीं है कि राष्ट्रीय सुरक्षा या उसके कारोबारी रहस्यों से कोई समझौता हुआ है। चीन ने भी आरोपों को निराधार बताया है। भारत स्थित चीन के राजदूत ने इस पूरे मामले को चीन को बदनाम करने की साजिश बताया है।
भारत के रक्षा प्रतिष्ठानों में हनी ट्रैप के जरिए सूचनाएं निकालने के कई मामले सामने आ चुके हैं। 2023 में राष्ट्रीय रक्षा अनुसंधान संस्थान (डीआरडीओ) के पुणे स्थित प्रतिष्ठान के तत्कालीन प्रमुख वैज्ञानिक प्रदीप कुरुलकर को पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी से जुड़े कथित संपर्कों के मामले में गिरफ्तार किया गया था। जांच के मुताबिक, 'जारा दासगुप्ता' नाम से सोशल मीडिया पर संपर्क करने वाली महिला ने उनसे नजदीकी बढ़ाई और बातचीत के दौरान ब्रह्मोस, अग्नि-6, राफेल और अन्य रक्षा परियोजनाओं से संबंधित सूचनाएं हासिल की, ऐसे आरोप लगे। इस मामले में जून 2026 में पुणे की अदालत ने उनके खिलाफ आरोप तय किए हालांकि मामला अभी न्यायिक प्रक्रिया के अधीन है और आरोपों को अंतिम रूप से सिद्ध नहीं माना जा सकता।
इसी तरह फरवरी 2024 में मॉस्को स्थित भारतीय दूतावास में कार्यरत सुरक्षा सहायक सत्येंद्र सिवाल को उत्तर प्रदेश पुलिस के आतंकवाद निरोधक दस्ते ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए जासूसी के आरोप में गिरफ्तार किया। ब्रह्मोस एयरोस्पेस के इंजीनियर निशांत अग्रवाल का मामला भी उल्लेखनीय है। उन्हें 2018 में पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी से कथित संपकों और मिसाइल संबंधी सूचनाएं लीक करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
2025 के मई माह में महाराष्ट्र पुलिस के आतंकवाद निरोधक दस्ते ने एक निजी रक्षा प्रौद्योगिकी कंपनी में कार्यरत इंजीनियर रवि वर्मा को गिरफ्तार किया। उन पर आरोप था कि सोशल मीडिया पर एक महिला की पहचान से संपर्क करने वाले पाकिस्तानी खुफिया ऑपरेटिव ने उन्हें अपने जाल में फंसाया और नौसेना डॉकयार्ड के प्रतिबंधित क्षेत्रों से जुड़े दस्तावेज हासिल किए।
लेख- वीना गौतम के द्वारा