

मुंबई: वडाला गवर्नमेंट रेलवे पुलिस (GRP) ने सोमवार को पुणे (Pune) के एक 23 वर्षीय व्यक्ति को अपनी प्रेमिका पर चाकू (Knife) से हमला (Attack) करने के आरोप में बेलापुर (Belapur) से गिरफ्तार (Arrested) किया है। पुलिस के अनुसार, प्रेमिका ने आरोपी प्रेमी से बात करना बंद कर दिया था तो वह आक्रोश में आ कर उस पर प्राणघातक हमला कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान मोहित अगले (23) के रूप में हुई है। मोहित पुणे के तलेगांव में एक 21 वर्षीय महिला के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। बार-बार विवाद के बाद महिला ने मोहित से सारे संबंध तोड़ लिए और अपने रिश्तेदार के यहां शिवडी इलाके में रहने चली गई।
मोहित ने उसे बहुत कॉल और मैसेज भी किया, लेकिन लड़की ने कोई जवाब नहीं दिया। उसके व्यवहार से नाराज मोहित एक महीने पहले गोवंडी में रहने वाले अपने चाचा से मिलने गया था। शनिवार को मोहित ने उसे वडाला स्टेशन पर बुलाया और रेलवे स्टेशन पर दोनों में कहासुनी हो गई। तीखी नोकझोंक होने पर गुस्से में आकर मोहित ने चाकू से महिला के गले में वार कर दिया और फरार हो गया।
वडाला जीआरपी पुलिस के वरिष्ठ निरीक्षक दत्तात्रेय खुपेकर ने बताया की महिला की शिकायत के बाद वडाला रेलवे पुलिस ने मोहित के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। इसके बाद हमने अपनी टीम के साथ तलाश शुरू की और मोहित को बेलापुर से गिरफ्तार किया और अदालत ने आरोपी को चार दिन की पुलिस हिरासत में दिया है।