लेख में स्वास्थ्य को दौलत से बड़ा बताते हुए उम्र और सेहत के महत्व पर चर्चा की गई है।
अमिताभ बच्चन और शरद पवार की तबीयत का जिक्र करते हुए बढ़ती उम्र की चुनौतियां बताई गई हैं।
फिल्मी सितारों के मेकअप, बोटोक्स और सर्जरी से जवां दिखने की कोशिश पर व्यंग्य किया गया है।
ययाति-पुरु और च्यवन ऋषि के प्रसंगों से जवानी लौटाने की चाह को दर्शाया गया है।
संदेश है कि जिंदगी लंबी होने से ज्यादा उसका सार्थक होना जरूरी है।
Youth Longevity and Healthy Aging: पड़ोसी ने हमसे कहा, 'निशानेबाज, दौलत से भी बड़ी चीज उत्तम स्वास्थ्य है। कहते हैं- एक तंदुरुस्ती हजार नियामत! हेल्थ अच्छी रहे तो इंसान जिंदगी के मजे ले सकता है। दिवाली के मौके पर शरद पवार को अस्पताल जाना पड़ा। अमिताभ बच्चन की तबीयत ठीक न होने से उनके लोकप्रिय क्विज शो 'कौन बनेगा करोड़पति' की शूटिंग एक सप्ताह से लटकी हुई है।'
हमने कहा, 'व्यक्ति का स्वास्थ्य उसकी अवस्था के अनुसार रहता है। नाचने, कूदने वाले अभिनेता भी उम्र बढ़ने पर थक जाते हैं। वह नकली बत्तीसी लगाकर, बाल कलर करके अपना बुढ़ापा छुपाते हैं। जैकेट और कैप पहनकर, गले में स्कार्फ या मफलर लपेटकर गर्दन की झुर्रियों को ढक लेते हैं। अभिनेत्रियां भी खुद को कमसिन दिखाने के लिए बोटोक्स या सर्जरी कराती हैं ताकि परी, हूर या अप्सरा नजर आएं। फिल्मों की दुनिया शो बिजनेस है। वहां जो दिखता है, वह बिकता है।'
पड़ोसी ने कहा, 'निशानेबाज, कोई कितना भी मेकअप कर ले लेकिन उम्र छिपती नहीं है। सुबह से शाम होती है, उम्र तमाम होती है! वक्त देखते ही देखते बीत जाता है। संजय दत्त और अनिल कपूर 60 से 70 वर्ष के बीच हैं। तीनों खान सलमान, शाहरुख और आमिर भी बुजुर्ग हो रहे हैं लेकिन उन्हें जवान हीरोइन चाहिए।'
हमने कहा, 'बुढ़ापा शरीर की एक अवस्था है। अनुभव की पूंजी रखने वाले बुजुर्ग लोग युवाओं को समझाते हैं कि बेटा हमने अपने बाल धूप में सफेद नहीं किए हैं!'
पड़ोसी ने कहा, 'निशानेबाज, भारत में प्राचीनकाल में ययाति नामक राजा थे, जिन्होंने अपने पुत्र पुरु से उसकी जवानी मांग ली थी और बदले में अपना बुढ़ापा उसे दे दिया था। तब ऐसा एक्सचेंज प्रोग्राम चलता था। अश्विनी कुमारों ने भी बूढ़े च्यवन ऋषि को युवा बना दिया था। आज के जमाने में रूस के राष्ट्रपति पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग 100 वर्ष से भी ज्यादा जीने की इच्छा रखते हैं। वह अपनी कोषिकाएं व पुराने अंग बदलकर कायाकल्प करना चाहते हैं। इसके लिए उन्होंने वैज्ञानिकों व डॉक्टरों को निर्देश दे रखे हैं।'
हमने कहा, 'कुछ भी हो, मानव शरीर की एक सीमा होती है। जिंदगी लंबी न हो तो भी चलेगा लेकिन सार्थक होनी चाहिए।'
लेख- चंद्रमोहन द्विवेदी के द्वारा