आज का इतिहास (सौ. डिजाइन फोटो) 
नवभारत विशेष

6 जून का इतिहास: आज के दिन ही हुआ था स्वर्ण मंदिर में सेना का ‘ऑपरेशन ब्लूस्टार' समाप्त, जानिए इतिहास में दर्ज महत्वपूर्ण घटनाएं

कई बड़ी घटनाओं ने देश और दुनिया पर अपनी छाप छोड़ी। छह जून के नाम पर एक और ऐतिहासिक घटना भी दर्ज है। इस दिन स्वर्ण मंदिर में सेना का ‘ऑपरेशन ब्लूस्टार' खत्म हुआ।

दीपिका पाल

नई दिल्ली: इतिहास का हर दिन किसी न किसी अहम घटना से जुड़ा होता है। छह जून भी एक ऐसी ही तारीख है, जिस दिन कई बड़ी घटनाओं ने देश और दुनिया पर अपनी छाप छोड़ी। इस दिन स्वर्ण मंदिर में सेना का ‘ऑपरेशन ब्लूस्टार' खत्म हुआ। अकाल तख्त हरमंदिर साहिब की तरफ बढ़ती सेना का जरनैल सिंह भिंडरावाले और खालिस्तान समर्थक चरमपंथियों ने जमकर विरोध किया और इस दौरान दोनों तरफ से भीषण गोलीबारी हुई।

भारी खूनखराबे के बीच अकाल तख्त को भारी नुकसान पहुंचा और सदियों में पहली बार ऐसा हुआ कि हरमंदिर साहिब में गुरु ग्रंथ साहिब का पाठ नहीं हो पाया। छह जून के नाम पर एक और ऐतिहासिक घटना भी दर्ज है। इस दिन मुगलों के साम्राज्यवादी सपनों को हकीकत में बदलने से रोकने के लिए भारत के महान सपूत छत्रपति शिवाजी का रायगढ़ के किले में राज्याभिषेक हुआ था और उन्हें छत्रपति की उपाधि से नवाजा गया था।

देश-दुनिया के इतिहास में छह जून की तारीख पर दर्ज अन्य प्रमुख घटनाओं का सिलसिलेवार ब्यौरा इस प्रकार है:

1674 : छत्रपति शिवाजी महाराज का रायगढ़ के किले में राज्याभिषेक। 1916 : अमेरिका के ईस्ट क्लीवलैंड में महिलाओं को वोट का अधिकार दिया गया। 1919 : फिनलैंड ने बोलशेविक के खिलाफ युद्ध की घोषणा की। 1944 : द्वितीय विश्व युद्ध में अमेरिका और मित्र देशों की सेनाओं ने नॉरमैंडी पर आक्रमण किया। यह इतिहास में समुद्र, जमीन और हवा से होने वाला सबसे बड़ा आक्रमण था। 1966 : अश्वेतों के मानवाधिकारों के पैरोकार जेम्स मेरिडिथ कार्यकर्ता पर गोली चलाई गई। घटना के समय अफ्रीकी-अमेरिकी मूल के मेरिडिथ अश्वेतों के दमन के खिलाफ पदयात्रा पर निकले थे। 1967 : इजराइली सेना ने गाजा पर कब्जा किया। 1981 : बिहार की बाघमती नदी में एक रेलगाड़ी के सात डिब्बे गिर जाने से लगभग 800 लोगों की मौत। मानसी से सहरसा जा रही इस यात्री गाड़ी के नौ में से सात डिब्बे नदी में जा गिरे थे। 1995 : पाकिस्तान में बाल अपराधियों को कोड़े मारने अथवा उनकी फ़ांसी की सजा पर रोक। 1997 : बैंकॉक में भारत, बांग्लादेश, श्रीलंका एवं थाईलैंड ने 'बिम्सटेक' नामक आर्थिक सहयोग समूह का गठन किया। 2004 : अमेरिका के भूतपूर्व राष्ट्रपति रोनाल्ड रीगन का निधन। 2005 : ईरान गैस पाइप लाइन योजना पर भारत और पाकिस्तान में सहमति। 2023: ईरान ने सऊदी अरब में अपने राजनयिक मिशन को फिर से खोलने की घोषणा की। 2024: भारतीय मूल की अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स ने तीसरी बार अंतरिक्ष के लिए उड़ान भरी।

एजेंसी इनपुट के मुताबिक

कांग्रेस की एकला चलो नीति पर भड़के उद्धव ठाकरे! INDIA गठबंधन की बैठक में सुनाई खरी-खोटी, दी ये सलाह

CSR घाेटाला: महाराष्ट्र समेत 4 राज्यों के 8 ठिकानों पर ED की छापेमारी, फर्जी नेटवर्क का खुलासा

किसानों को मोदी कैबिनेट का बड़ा तोहफा, MSP में बढ़ोतरी की मंजूरी; ₹2.79 लाख करोड़ के पैकेज का ऐलान

पंजाब में चिट्टे पर गरमाई सियासत! शाह का मान पर वार, बोले- पंजाब को नशा मुक्त करके रहेंगे

उमर खालिद और शरजील इमाम को फिर झटका, दिल्ली हाई कोर्ट ने जमानत अर्जी की खारिज