भारतीय क्रिकेट टीम फोटो सोर्स- नवभारत डिजाइन
नवभारत विशेष

नवभारत विशेष: 8 विकेट गिरने के बाद भी नहीं मानी हार, भारतीय युवा खिलाड़ियों का ऐतिहासिक प्रदर्शन

India Cricket Historic Wins: अंडर-19 टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ मुश्किल हालात में जीत दर्ज की, वहीं सीनियर टीम ने न्यूजीलैंड में वनडे सीरीज जीतकर सात साल का इंतजार खत्म किया।

अंकिता पटेल

Highlights:

  • भारतीय क्रिकेट ने अंडर-19 एशिया कप और न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज जीतकर दो बड़ी उपलब्धियां हासिल कीं।

  • पाकिस्तान के 337 रनों के जवाब में भारतीय युवा टीम ने शानदार बल्लेबाजी की।

  • कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने 80 और आर्यवीर सहवाग ने 58 रन बनाए।

  • 252 रन पर 8 विकेट गिरने के बाद भारत के सामने जीत के लिए 86 रनों की चुनौती थी।

India Pakistan U19 Asia Cup Final: पिछले दिनों भारतीय क्रिकेट ने 2 असाधारण उपलब्धियों के साथ एक नया इतिहास रचा है। पहले अंडर-19 के नौजवानों ने पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप फाइनल में असंभव-सी दिखने वाली जीत हासिल की और फिर सीनियर टीम ने न्यूजीलैंड को उसी की धरती पर एकदिवसीय सीरीज में पराजित करके 7 साल का इंतजार खत्म कर दिया। इन दोनों जीतों के बीच एक साझा भावभूमि भी है। वह है, दबाव में बिखरने के बजाय और मजबूत होकर उभरने की भारतीय क्रिकेट की नई पहचान।

14 नवंबर 2026 को ओमान के अल अमेरात में भारत और पाकिस्तान के बीच अंडर-19 एशिया कप का फाइनल खेला गया। पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 9 विकेट पर 337 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में भारतीय बल्लेबाजों ने भी सधी हुई शुरुआत की। कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने 101 गेंदों पर 80 रन बनाकर पारी को संभाला, जबकि आर्यवीर सहवाग ने 61 गेंदों पर 58 रन जोड़े। लेकिन एक समय ऐसा आया, जब भारत का स्कोर 8 विकेट पर 252 रन हो गया। उस समय जीत के लिए 86 रन चाहिए थे और हाथ में केवल 2 विकेट थे।

मोहित उल्वा की तूफानी पारी से भारत की ऐतिहासिक जीत

मुकाबला 42वें ओवर में पहुंच चुका था। इसी मोड़ पर दसवें नंबर के बल्लेबाज मोहित उल्वा क्रीज पर आए। उनके सामने पाकिस्तान के गेंदबाज थे, बढ़ता हुआ रनरेट था और लगभग हाथ से निकल चुका मुकाबला था। लेकिन इस 18 वर्षीय खिलाड़ी ने 26 गेंदों पर नाबाद 49 रन बनाकर मैच का पूरा परिदृश्य ही बदल दिया। मोहित ने 4 चौके और 3 छक्के लगाए, जबकि उनका साथ दे रहे मनल चौहान ने 32 गेंदों पर 47 रन बनाए। दोनों के बीच 57 रनों की साझेदारी हुई, लेकिन मनल के आउट होने के बाद भी मोहित का विश्वास नहीं डिगा। आखिरी विकेट पर चिगुरुपति वेंकट के साथ उन्होंने 30 रन जोड़कर भारत को एक हारे हुए मैच में ऐतिहासिक जीत दिला दी।

अंतिम ओवर में जब 8 रन चाहिए थे, उस ओवर में मोहित ने आखिरी गेंद पर 3 रन की दरकार होने पर शानदार चौका जड़कर गेंद को सीमा रेखा के पार पहुंचा दिया और एक हारे हुए मैच को भारतीय टीम ने जीत लिया। 1983 में लॉ के मैदान पर कपिल देव की अगुवाई वाली भारतीय टीम के विजयी होने के बाद भारत में रोमांचित करने वाली खुशी की लहर दौड़ गई थी, जो 14 नवंबर 2026 को भी दूसरे अर्थ में देखने को मिली। मोहित उल्वा और उनके साथियों की उपलब्धि ने उसी रोमांचित करने वाली जीत की याद दिलाई।

न्यूजीलैंड में 7 साल बाद भारत की वनडे सीरीज जीत

जामनगर से आने वाले मोहित ने टेनिस बॉल क्रिकेट से शुरुआत की थी। प्रतिभा को सही प्रशिक्षण और अवसर मिले, तो वह किसी भी पृष्ठभूमि से निकलकर राष्ट्रीय गौरव बन सकती है। अंडर-19 टीम की इस ऐतिहासिक जीत के अगले ही दिन 15 नवंबर को भारत की सीनियर टीम ने न्यूजीलैंड को उसी की धरती पर 5 मैचों की एकदिवसीय सीरीज में 3-1 से पराजित कर दिया। भारत ने न्यूजीलैंड में पिछली बार एकदिवसीय सीरीज 2019 में जीती थी। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत की पारी 209 रन पर सिमट गई, जिसमें रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे अनुभवी बल्लेबाजों के शून्य में आउट हो जाने से टीम दबाव में आ गई।

हालांकि बाद में अक्षर पटेल और ईशान किशन ने 46-46 रन बनाकर पारी को कुछ स्थिरता दी। लेकिन 210 रन न्यूजीलैंड जैसी टीम के लिए कोई बड़ा लक्ष्य नहीं था। न्यूजीलैंड ने जवाब में एक समय एक विकेट पर 64 रन बना लिए थे। परिस्थितियां मेजबान टीम के पक्ष में जाती दिखाई दे रही थीं। लेकिन भारतीय तेज गेंदबाजों ने मुकाबले की दिशा पलट दी। अर्शदीप सिंह ने 30 रन देकर 3 विकेट लिए जबकि मोहम्मद सिराज और अक्षर पटेल ने 2-2 विकेट हासिल किए। यश ठाकुर ने अपने पदार्पण मैच में एक विकेट लिया।

सीनियरों की प्रेरणा, जूनियरों का जोश

न्यूजीलैंड की पूरी टीम 187 रन पर सिमट गई और भारत ने 22 रनों से यह मुकाबला जीत लिया। अंडर-19 टीम पाकिस्तान के खिलाफ 252 रन पर 8 विकेट गंवाने के बाद भी मुकाबला जीतती है, तो सीनियर टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ 209 रन बनाने के बावजूद 22 रनों से जीत हासिल कर लेती है।

लेख- साशा के द्वारा

Heavy Rain Alert: 12 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, 145 की रफ्तार से चलेंगी हवाएं; चक्रवाती तूफान सक्रिय

डीजल निर्यात शुल्क में 2.5 रुपये की बढ़ोतरी, ATF भी हुआ महंगा, नई दरें इस तारीख से होंगी लागू

गोल्डी ढिल्लों ने दी धमकी, आखिर अमिताभ बच्चन का 1984 के सिख विरोधी हिंसा से क्या है कनेक्शन?

अयोध्या हमारी, अब मथुरा की बारी', केशव मौर्य की अखिलेश को खुली चुनौती; बोले- कार सेवा में साथ आइए

PM मोदी के साथ फिलीपींस में नजर आई ये खूबसूरत लड़की कौन... भारत से क्या है कनेक्शन? जानें सबकुछ