दिल्ली वायु प्रदूषण फोटो सोर्स- नवभारत डिजाइन
नवभारत विशेष

नवभारत विशेष: दिल्ली-NCR में हर साल क्यों बिगड़ती है हवा? जानें प्रदूषण की असली वजहें

Delhi NCR Air Quality Crisis: दिल्ली-NCR में बढ़ते वायु प्रदूषण के लिए पराली के साथ वाहन, निर्माण की धूल व औद्योगिक उत्सर्जन भी जिम्मेदार हैं। हर साल लौटते इस संकट के स्थायी समाधान पर सवाल उठ रहे हैं।

अंकिता पटेल

Highlights:

  • दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण बढ़ने पर ग्रैप का पहला चरण लागू किया गया।

  • 21 अक्टूबर 2026 को दिल्ली का एक्यूआई 244 दर्ज हुआ।

  • प्रदूषण के लिए पराली के साथ वाहन, निर्माण धूल, उद्योग और कचरा जलाना भी जिम्मेदार हैं।

  • समाधान के लिए किसानों की मजबूरियों और प्रदूषण के सभी स्रोतों पर ध्यान देना जरूरी है।

Delhi Pollution Causes and Stubble Burning Impact: साफ हवा में सांस लेना जीवन की बुनियादी जरूरत है। दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण बढ़ते ही सरकारी बैठकों, चेतावनियों, निरीक्षणों और प्रतिबंधों का सिलसिला शुरू हो जाता है। असली प्रश्न यह है कि जिस समस्या का समाधान वर्षों से तलाशा जा रहा है, वह हर साल लौटकर पहले से अधिक गंभीर क्यों हो जाती है? केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक 21 अक्टूबर 2026 को दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) दोपहर 2 बजे 244 दर्ज किया गया, जो 'खराब' श्रेणी में आता है। इसके बाद वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने पूरे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (ग्रैप) के पहले चरण को लागू कर दिया। दिल्ली की जहरीली होती हवा पर चर्चा शुरू होते ही पराली जलाने का मुद्दा प्रमुखता से उठता है।

पंजाब और हरियाणा में धान की फसल के अवशेष जलाने से निकलने वाला धुआं निश्चित रूप से चिंता का विषय है। लेकिन पूरे संकट का दोष किसानों पर डाल देना समस्या को सरल बनाकर देखने जैसा है। दिल्ली-एनसीआर में वाहनों का धुआं, सड़क और निर्माणस्थलों की धूल, औद्योगिक उत्सर्जन, कचरा जलाना तथा कुछ क्षेत्रों में ईंधन के पारंपरिक साधनों का इस्तेमाल भी प्रदूषण में योगदान करता है। मौसम की स्थिरता, कम हवा इनका प्रभाव बढ़ा सकती हैं। किसान को पराली न जलाने की सलाह देना आसान है, लेकिन फसल कटाई के बाद सीमित समय में खेत साफ करने की उसकी आर्थिक मजबूरियों को समझना भी जरूरी है।

प्रदूषण पर लगाम, एजेंसियों की जवाबदेही जरूरी

मशीनें उपलब्ध कराना, फसल अवशेष से उपयोगी उत्पाद तैयार करने के बाजार को विकसित करना और समय पर किसानों को आर्थिक सहायता देना नीति का हिस्सा होना चाहिए। प्रदूषण नियंत्रण के लिए नियमों की कमी नहीं है। ग्रैप के अंतर्गत हवा की गुणवत्ता बिगड़ने पर चरणबद्ध उपाय लागू किए जाते हैं। धूल नियंत्रण, निर्माणस्थलों की निगरानी, कचरा जलाने पर रोक, वाहनों से होने वाले उत्सर्जन पर नियंत्रण और औद्योगिक इकाइयों की जांच जैसे कदम पहले से निर्धारित हैं।

इन उपायों का पालन सुनिश्चित करने वाली एजेंसियों की जवाबदेही किस तरह तय होती है? किस सड़क पर नियमित सफाई नहीं हुई? किस निर्माणस्थल ने धूल रोकने के नियमों का उल्लंघन किया? कहां खुले में कचरा जलाया गया? किन औद्योगिक इकाइयों ने निर्धारित मानकों की अनदेखी की? शिकायत मिलने के बाद भी कार्रवाई कितने समय में हुई? इन सवालों के जवाब सार्वजनिक होने चाहिए, इसके लिए केंद्र, दिल्ली सरकार, पड़ोसी राज्यों, नगर निकायों और प्रदूषण नियंत्रण बोडों के बीच प्रभावी समन्वय अनिवार्य है।

PM2.5 का खतरा, प्रदूषण से बचाव के लिए सालभर तैयारी जरूरी

धूल के सूक्ष्म कण, विशेषकर पीएम 2.5, सांस के रास्ते शरीर में गहराई तक पहुंच सकते हैं और फेफड़ों तथा हृदय से संबंधित बीमारियों के जोखिम को बढ़ा सकते हैं। बच्चों, बुजुगों और पहले से सांस या हृदय संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों पर इसका प्रभाव चिंताजनक है। खराब हवा के दिनों में बाहर व्यायाम करने, बच्चों की गतिविधियों और दैनिक आवागमन तक पर असर पड़ता है। इसका आर्थिक बोझ इलाज, काम के नुकसान और जीवन की गुणवत्ता में गिरावट के रूप में भी सामने आता है। स्वास्थ्य संबंधी चेतावनियां, स्कूलों के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश और संवेदनशील लोगों की सुरक्षा के उपाय जरूरी हैं।

प्रदूषण से निपटने की तैयारी अक्टूबर में अचानक नहीं की जानी चाहिए। इसके बजाय वर्षभर सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करना, स्वच्छ ईंधन और बेहतर वाहन तकनीक को प्रोत्साहित करना, निर्माणस्थलों पर धूल नियंत्रण लागू करना, सड़कों की नियमित देखभाल, औद्योगिक उत्सर्जन की निगरानी और कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन पर काम करना होगा। स्थानीय स्तर पर वायु गुणवत्ता के आंकड़े नागरिकों के लिए आसानी से उपलब्ध हों और उनके आधार पर कार्रवाई की प्रगति भी सार्वजनिक की जाए।

दिल्ली की हालत बेहद खराब

प्रदूषण फैलाने वालों पर कार्रवाई होनी चाहिए। नागरिकों को यह जानने का अधिकार मिलना चाहिए कि सार्वजनिक धन से किए गए उपायों का परिणाम क्या निकला? सवाल यह नहीं कि सर्दियों में हवा खराब क्यों होती है? सवाल यह है कि वर्षों से ज्ञात कारणों के बावजूद हम इसे रोकने की तैयारी समय रहते क्यों नहीं कर पाते ? साफ हवा कोई सरकारी उपकार नहीं, नागरिकों के स्वस्थ जीवन की अनिवार्य शर्त है।

लेख- वीना गौतम के द्वारा

हैदराबाद भारत में कैसे शामिल हुआ? जानिए सरदार पटेल, निजाम और ऑपरेशन पोलो की पूरी कहानी

जापानी निवेश का प्रमुख केंद्र बन रहा महाराष्ट्र, मुंबई में JCCI प्रतिनिधिमंडल के साथ हुई उच्चस्तरीय बैठक

एथेनॉल से चलेंगी गाड़ियां, लेकिन इतनी सप्लाई आएगी कहां से? सुप्रीम कोर्ट का सरकार से सवाल

जामिया में छात्रों की बड़ी जीत, यूनिवर्सिटी ने जारी किया छात्र संघ चुनाव का शेड्यूल

प्रदर्शन से अर्थव्यवस्था को कितना होता है नुकसान ? कारोबार,रोजगार और जनता की जेब पर पड़ने वाले प्रभाव को समझे