आज का निशानेबाज (सौ.सोशल मीडिया) 
नवभारत विशेष

निशानेबाज: जुल्फों पर गाना पड़ा महंगा, बैंक अधिकारी पर मुकदमा

बाम्बे हाईकोर्ट ने एक निजी बैंक के सीनियर अधिकारी को राहत देते हुए कहा कि महिला सहकर्मी के बालों पर टिप्पणी करना और उस बारे में गाना गाने को कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न नहीं माना जा सकता।

दीपिका पाल

नवभारत डिजिटल डेस्क: पड़ोसी ने हमसे कहा, ‘निशानेबाज, बाम्बे हाईकोर्ट ने एक निजी बैंक के सीनियर अधिकारी को राहत देते हुए कहा कि महिला सहकर्मी के बालों पर टिप्पणी करना और उस बारे में गाना गाने को कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न नहीं माना जा सकता. हाईकोर्ट ने इस मुद्दे को लेकर बैंक की आंतरिक शिकायत समिति की रिपोर्ट और औद्योगिक न्यायालय के आदेश को भी खारिज कर दिया।

आपकी उस अधिकारी के आचरण के बारे में क्या राय है. क्या आप उसे मनचला मानेंगे?’ हमने कहा, ‘न हम उसे मनचला कहेंगे, न दिलजला! मूड फ्रेश करने के लिए लोग गाते या गुनगुनाते हैं. वह अधिकारी बाथरूम सिंगर की बजाय बैंक सिंगर बन गया. बैंक के हिसाब की बजाय उसकी शायरी की किताब में ज्यादा दिलचस्पी होगी. आंकड़ों के जाल की बजाय उसे जुल्फों के जाल ने आकर्षित किया।

एक पुरानी फिल्म के युगल गीत में हीरो गाता है- उलझ गया जिया मेरा जुल्फों के जाल में. इस पर हीरोइन गाती है- भोली थी मैं फंसी साजन की चाल में.’ पड़ोसी ने कहा, ‘निशानेबाज, बैंक के अधिकारी ने अन्य महिला सहकर्मियों की मौजूदगी में महिला के बालों को लेकर गाना गाया. वह बैंक में काम करने जाता था या गाना गाने!’’ हमने कहा, ‘रिलैक्स होने के लिए गाना- गुनगुनाना बुरी बात नहीं है. इतनी सी बात को लेकर हंगामा खड़ा करने की जरूरत नहीं थी. उर्दू की तमाम शायरी में जुल्फों का जिक्र मिलेगा।

इसी तरह फिल्मी गीतों में भी जुल्फों को भरपूर अहमियत दी गई है. आपने गीत सुने होंगे- तेरी जुल्फों से जुदाई तो नहीं मांगी थी, कैद मांगी थी रिहाई तो नहीं मांगी थी. ये जुल्फ अगर खुलके बिखर जाए तो अच्छा हो! एहसान तेरा होगा मुझ पर, जो चाहता हूं वो कहने दो, मुझे तुमसे मोहब्बत हो गई है, मुझे जुल्फों की छांव में रहने दो. फिल्म नया दौर में वैजयंती माला ने दिलीप कुमार को निशाने पर लेते हुए गाया था- उड़ें जब-जब जुल्फें तेरी, कंवारियों का दिल मचले!’ पड़ोसी ने कहा, ‘फिल्मी गीतकारों ने जुल्फ को लेकर दर्जनों गाने लिखे हैं।

एक गीत यह भी है- ना झटको जुल्फ से पानी, ये मोती टूट जाएंगे. एक कव्वाली थी- तेरी जुल्फों के साये में बसेरा हो गया, मुझे नींद ऐसी आई कि सबेरा हो गया.’ हमने कहा, ‘लेकिन यहां तो जुल्फों को लेकर मुकदमा हो गया. बड़ी मुश्किल से वह अधिकारी बच गया।’

लेख- चंद्रमोहन द्विवेदी के द्वारा

Weather Update Live: देश भर में बारिश से हाहाकार! गुरुग्राम में हालात बेकाबू, 12 राज्यों में IMD का अलर्ट

7 साल बाद भारत आएंगे शी जिनपिंग! सितंबर में दिल्ली पहुंचने की तैयारी, 400 अधिकारियों का डेलिगेशन भी आएगा

NEET PG 2026: आज नहीं...इस तारीख को जारी होगा एडमिट कार्ड, 30 अगस्त को परीक्षा; जानें पूरी डिटेल

हाथी चले बाजार... बयान पर बड़ा एक्शन, BPSC अधिकारी पर गिरी गाज! CM ने दिए निलंबन के आदेश

BBMB Recruitment 2026: हिंदी ट्रांसलेटर के 9 पदों पर निकली भर्ती, 31 अगस्त से शुरू होंगे आवेदन