10 नवंबर 2026 को गोवर्धन पूजा मनाई जा रही है, जिसे अन्नकूट पूजा के नाम से भी जाना जाता है।
महाराष्ट्र में इसी दिन बलि प्रतिपदा का पर्व मनाने की परंपरा है।
बलि प्रतिपदा राजा महाबली की उदारता, दानशीलता और भगवान विष्णु के प्रति भक्ति का प्रतीक मानी जाती है।
पौराणिक कथा के अनुसार, भगवान विष्णु ने राजा बलि से वामन अवतार में तीन पग भूमि दान में मांगी थी।
इस दिन राजा बलि का स्मरण, पूजा और अन्न-वस्त्र का दान करने की परंपरा है।
Bali Pratipada Rituals: आज 10 नवंबर 2026 को गोवर्धन पूजा मनाया जा रहा है। इसे अन्नकूट पूजा के नाम से भी जाना जाता है। तो वहीं महाराष्ट्र में यह दिन बलि प्रतिपदा के रूप में मनाया जाता है। हिंदू धर्म में विशेष धार्मिक महत्व रखती है। यह पर्व राजा महाबली की उदारता, दानशीलता और भगवान विष्णु के प्रति उनकी भक्ति की याद दिलाता है।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन राजा बलि की पूजा करने और उनसे जुड़ी पौराणिक कथा सुनने की परंपरा है। कई स्थानों पर इसे बली पड़वा या पड़वा के नाम से भी जाना जाता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि आखिर बलि प्रतिपदा पर राजा बलि की पूजा क्यों की जाती है और इसका भगवान विष्णु से क्या संबंध है? आइए जानते हैं इस पर्व का धार्मिक महत्व।
बलि प्रतिपदा कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि को मनाई जाती है। यह दिन राजा महाबली के सम्मान और उनकी दानशीलता से जुड़ा हुआ है। धार्मिक मान्यता है कि राजा बलि अपनी प्रजा के प्रति बहुत उदार और न्यायप्रिय थे। उनके इसी गुण के कारण उन्हें आज भी श्रद्धा के साथ याद किया जाता है। इस दिन लोग सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना करते हैं।
पौराणिक कथा के अनुसार, राजा बलि असुर कुल में जन्म लेने के बावजूद भगवान विष्णु के परम भक्त और महान दानी थे। उनके बढ़ते प्रभाव को देखते हुए भगवान विष्णु ने वामन अवतार धारण किया। वे एक ब्राह्मण बालक के रूप में राजा बलि के यज्ञ में पहुंचे और उनसे तीन पग भूमि दान में मांगी।
राजा बलि ने उनकी मांग स्वीकार कर ली। इसके बाद भगवान वामन ने विराट रूप धारण किया। उन्होंने दो पग में धरती और आकाश नाप लिया। तीसरा पग रखने के लिए राजा बलि ने अपना सिर आगे कर दिया। उनकी दानशीलता और वचन के प्रति निष्ठा देखकर भगवान विष्णु प्रसन्न हुए।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान विष्णु ने राजा बलि की भक्ति और समर्पण से प्रसन्न होकर उन्हें पाताल लोक का अधिपति बनाया। कुछ परंपराओं में यह भी माना जाता है कि भगवान ने उन्हें वर्ष में एक बार अपनी प्रजा से मिलने का अवसर दिया। इसी मान्यता के कारण बलि प्रतिपदा पर राजा बलि को विशेष रूप से याद किया जाता है।
इस दिन सुबह स्नान करके स्वच्छ वस्त्र पहनें। पूजा स्थल की सफाई करें और भगवान विष्णु के साथ राजा बलि का स्मरण करें। दीपक जलाएं, फूल, फल और मिठाई अर्पित करें। इसके बाद अपनी सामर्थ्य के अनुसार जरूरतमंदों को अन्न, वस्त्र या भोजन दान करें।
बलि प्रतिपदा हमें दान, उदारता, वचन पालन और भक्ति का महत्व समझाती है। राजा बलि की कथा यह प्रेरणा देती है कि व्यक्ति को अपनी सामर्थ्य के अनुसार दूसरों की सहायता करनी चाहिए और अपने वचन का सम्मान करना चाहिए। यही इस पर्व का सबसे सुंदर संदेश है।