Highlights:
भाई दूज भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और अपनापन का प्रतीक पर्व है।
इस दिन बहनें भाइयों के माथे पर रोली और अक्षत से तिलक लगाकर उनकी सुख-समृद्धि की कामना करती हैं।
भाई दूज पर तिलक लगाने की परंपरा का संबंध यमराज और उनकी बहन यमुना की पौराणिक कथा से जुड़ा है।
धार्मिक मान्यता के अनुसार, यमुना ने यमराज का तिलक करके उनका स्वागत और सत्कार किया था।
Bhai Dooj Tilak Ka Mahatva: दिवाली के बाद आने वाला भाई दूज का त्योहार भाई-बहन के रिश्ते में प्यार, विश्वास और अपनापन बढ़ाने का खास अवसर होता है। इस दिन बहनें अपने भाइयों को तिलक लगाकर उनकी सुख-समृद्धि और लंबी उम्र की कामना करती हैं। वहीं भाई भी बहनों को उपहार देकर उनके प्रति अपना स्नेह जताते हैं।
लेकिन क्या आप जानते है कि, भाई दूज पर बहनें भाई के माथे पर तिलक क्यों लगाती हैं और इस परंपरा की शुरुआत कैसे हुई? धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस रस्म का संबंध यमराज और उनकी बहन यमुना से जुड़ी एक पौराणिक कथा से है। आइए जानते हैं भाई दूज पर तिलक लगाने की परंपरा के पीछे की कहानी और इसका धार्मिक महत्व।
हिंदू धर्म में माथे पर तिलक लगाना शुभता और सम्मान का प्रतीक माना जाता है। भाई दूज के दिन बहनें रोली और अक्षत से अपने भाई के माथे पर तिलक लगाती हैं। इसके बाद आरती उतारकर मिठाई खिलाती हैं। धार्मिक मान्यता है कि ऐसा करने से भाई के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि बनी रहती है। यह रस्म भाई-बहन के बीच प्रेम और आशीर्वाद के भाव को भी दर्शाती है।
पौराणिक कथा के अनुसार, सूर्यदेव और संज्ञा के पुत्र यमराज तथा पुत्री यमुना भाई-बहन थे। यमुना अपने भाई से मिलने की इच्छा रखती थीं। एक दिन यमराज अपनी बहन के घर पहुंचे। यमुना ने उनका स्वागत किया, तिलक लगाया और प्रेमपूर्वक भोजन कराया। बहन के इस स्नेह से प्रसन्न होकर यमराज ने उन्हें वरदान मांगने को कहा।
यमुना ने कामना की कि इस दिन जो भाई अपनी बहन के घर जाकर उससे तिलक करवाए, उसे सुख और कल्याण का आशीर्वाद मिले। तभी से इस दिन को यम द्वितीया के नाम से भी जाना जाता है।
भाई दूज केवल तिलक लगाने का त्योहार नहीं है, बल्कि यह परिवार में प्रेम और आपसी विश्वास को मजबूत करने का अवसर भी है। इस दिन बहनें भाइयों की खुशहाली की प्रार्थना करती हैं। वहीं भाई अपनी बहनों की सुरक्षा, सम्मान और सुखी जीवन का संकल्प लेते हैं। यह पर्व रिश्तों में अपनापन बनाए रखने का संदेश देता है।
भाई दूज के दिन सुबह स्नान करके स्वच्छ कपड़े पहनें। पूजा की थाली में रोली, अक्षत, दीपक, फूल और मिठाई रखें। इसके बाद भाई को आसन पर बैठाकर उसके माथे पर तिलक लगाएं और आरती करें। फिर मिठाई खिलाकर उसके अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाल जीवन की कामना करें। भाई भी अपनी बहन को उपहार देकर उसके प्रति प्रेम और सम्मान व्यक्त कर सकता है।
भाई दूज का त्योहार हमें याद दिलाता है कि भाई-बहन का रिश्ता जीवनभर के स्नेह और विश्वास से जुड़ा होता है। तिलक की छोटी-सी रस्म इस रिश्ते को और खास बना देती है। यही वजह है कि यह पर्व आज भी पूरे उत्साह और पारिवारिक खुशियों के साथ मनाया जाता है।