Ganesh Chaturthi 2026 Date: भादो महीने की शुरुआत के साथ तीज-त्योहारों और व्रतों का सिलसिला शुरू हो जाता है। इस दौरान 10 दिवसीय गणेशोत्सव भी शुरू हो जाता है। 10 दिनों तक चलने वाला यह पावन पर्व अनंत चतुर्दशी के दिन गणपति विसर्जन के साथ संपन्न होता है। इन दस दिनों तक विघ्नहर्ता भगवान गणेश की पूजा भक्ति भाव के साथ की जाती है। ऐसी मान्यता है कि, इन दस दिनों तक भगवान गणेश भक्तों के बीच रहते हैं।
भक्तों द्वारा की गई पूजा-अर्चना से प्रसन्न होते है और भक्तों की विघ्न-बाधाएं दूर कर मनवांछित फल देते हैं। क्या आप जानते है कि, इस साल कब से शुरू होगा गणेश उत्सव? गणपति स्थापना से लेकर शुभ मुहूर्त और पूजा विधि तक
10 दिवसीय गणेशोत्सव का महापर्व इस साल 14 सितंबर 2026 सोमवार को गणेश चतुर्थी के दिन से शुरू हो रहा है। यह 10 दिनों तक चलने वाला पावन पर्व 25 सितंबर 2026 को अनंत चतुर्दशी के दिन विसर्जन के साथ समाप्त होगा।
गणपति स्थापना का अभिजीत मुहूर्त: दोपहर 12:09 से 12:58 बजे तक।
गणेश पूजा का शुभ समय: सुबह 11:20 से दोपहर 01:48 बजे तक।
शाम की पूजा का गोधूलि मुहूर्त: शाम 06:42 से 07:05 बजे तक।
भगवान गणेश की मूर्ति स्थापित करने के लिए वास्तु शास्त्र में पूर्व, उत्तर या पूर्व-उत्तर का कोण यानी ईशान में स्थापित करना शुभ बताया गया है। अगर आप इस बार बाप्पा को घर ला रहे है तो वास्तु शास्त्र में बताए गए नियमों का पालन अवश्य करें। इसके अलावा पूजन करने वाले का मुंह उत्तर की ओर होना शुभ माना गया है।
अगर आप गणेश उत्सव पर गणेश की प्रतिमा या तस्वीर स्थापित करने जा रहे है तो एक बात का खास ध्यान रखना चाहिए कि उसमें गणपति का वाहन यानी चूहा और मोदक स्पष्ट रूप से दिखाई दे। धर्म शास्त्रीय नियम के अनुसार, बैठी हुई मुद्रा में गणेश की मूर्ति या तस्वीर लगाना शुभ और मंगलकारी होता है।