Yogini Ekadashi Tulsi Upay: एकादशी व्रत को हिंदू धर्म में फलदायी माना जाता है। इसको लेकर मान्यता है कि इस दिन तुलसी से जुड़े कुछ उपाय कर लेने से जीवन में सुख और समृद्धि आती है। आषाढ़ महीने के कृष्ण पक्ष की एकादशी को योगिनी एकादशी व्रत रखा जाता है। इस साल योगिनी एकादशी का व्रत 10 जुलाई, शुक्रवार के दिन रखा जा रहा है। धार्मिक मान्यता है कि योगिनी एकादशी का व्रत रखने मात्र से उतना पुण्य प्राप्त होता है, जितना 88 हजार ब्राह्मणों को भोजन करने से मिलता है।
हिंदू धर्म की मान्यताओं के मुताबिक, एकादशी व्रत करने से पापों से मुक्ति मिलने के साथ ही जीवन में सुख-समृद्धि आती है. कहा जाता है कि एकादशी के दिन भगवान विष्णु व माता लक्ष्मी की कृपा हासिल करने के लिए तुलसी से जुड़े कुछ उपाय करना फलदायक होता है।
योगिनी एकादशी के दिन सुबह स्नान के बाद भगवान विष्णु के साथ-साथ तुलसी माता की भी विधिवत पूजा करें। फिर तुलसी को जल चढ़ाएं, धूप-दीप जलाएं और 'ॐ नमो भगवते वासुदेवाय' मंत्र का जाप करते हुए 7 बार परिक्रमा करें। ऐसा करने से घर में सुख-शांति बनी रहती है।
योगिनी एकादशी के दिन भगवान विष्णु को भोग लगाते समय उसमें तुलसी दल जरूर डालें, क्योंकि बिना तुलसी दल के भगवान विष्णु भोग स्वीकार नहीं करते हैं। ऐसा करने से भगवान खुश होते हैं और सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं।
अगर हो पाए तो योगिनी एकादशी के दिन तुलसी की माला धारण करें या पूजा के समय तुलसी की माला से जप करें। इससे नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है और मन शांत रहता है।
अगर आपके घर में तुलसी का पौधा नहीं है, तो योगिनी एकादशी के दिन घर पर नया तुलसी का पौधा लाकर लगाएं। यह बहुत शुभ माना जाता है। इससे घर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।